सरगुजा के 882 मतदान केंद्रों पर लगेंगे विशेष शिविर’ ’छूटे हुए

अम्बिकापुर, 13 अक्टूबर 2026/sns/-   भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के निर्देशानुसार एक माह का विशेष अभियान चलाया जा रहा है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। ‘मेरा वोट, मेरी ताकत’ के संदेश के साथ जिले के सभी 882 मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के तहत विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान विभिन्न कारणों से विलोपित प्रविष्टियों का बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर जाकर पुनर्सत्यापन किया जाएगा। साथ ही छूटे हुए, नए, युवा एवं पहली बार मतदान करने वाले पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरवाए जाएंगे। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम एवं विवरण में सुधार, स्थानांतरण तथा अन्य संबंधित सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रत्येक बुधवार और गुरुवार को मतदान केंद्रों पर कार्यालयीन समय में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। वहीं शुक्रवार और शनिवार को पॉलिटेक्निक, आईटीआई, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल तथा उच्च शैक्षणिक संस्थानों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से युवा एवं भावी मतदाताओं के पंजीकरण के लिए शिविर आयोजित होंगे। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) द्वारा बीएलओ को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिले में अभियान के संचालन के लिए 882 बूथ लेवल अधिकारी (BLO), 12 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO), 03 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) तथा 01 जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) के माध्यम से संबंधित गतिविधियां संचालित की जाएंगी। नागरिक अपने क्षेत्र के संबंधित अधिकारी से संपर्क कर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, विवरण में सुधार या अन्य सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं।

About The Author