दिव्यांगजन राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए 25 अक्टूबर तक आवेदन आमंत्रित
रायगढ़, 14 अक्टूबर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ शासन के समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याण, सशक्तिकरण और सामाजिक समावेशन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए दिव्यांगजन राज्य स्तरीय पुरस्कार वर्ष 2026 प्रदान किया जाना प्रस्तावित है। अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर 3 दिसंबर को दिए जाने वाले इन पुरस्कारों के लिए निर्धारित प्रपत्र में 25 अक्टूबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
पुरस्कार के तहत दिव्यांगजनों के सामाजिक समावेशन, अधिकार आधारित प्रोत्साहन और दिव्यांगता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले दिव्यांग कर्मचारियों, दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए कार्यरत स्वैच्छिक संस्थाओं, नियोक्ताओं तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले को सम्मानित किया जाएगा। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण जिला स्तरीय समिति द्वारा किया जाएगा। समिति की अनुशंसा के साथ पात्र आवेदनों को राज्य स्तर पर भेजा जाएगा, ताकि विभिन्न संवर्गों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांग कर्मचारियों, संस्थाओं, नियोक्ताओं एवं जिलों का चयन पुरस्कार के लिए किया जा सके। दिव्यांगजनों के कल्याण, अधिकारों के संरक्षण, सशक्तिकरण और समाज की मुख्यधारा में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए कार्य कर रहे व्यक्तियों एवं संस्थाओं से निर्धारित प्रपत्र में समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की गई है।