रायगढ़ के ग्राम दर्रीपाली में विकास कार्यों की सौगात

रायपुर, 14 अक्टूबर 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, खेल और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने आज रायगढ़ जिले की ग्राम पंचायत देवलसुर्रा के आश्रित ग्राम दर्रीपाली में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें अतिरिक्त कक्ष निर्माण, आंगनबाड़ी भवन, अहाता निर्माण और क्रिकेट ग्राउंड के निर्माण कार्य शामिल हैं। इन कार्यों से ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ बच्चों और युवाओं के शैक्षणिक, शारीरिक एवं सामाजिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि सुशासन सरकार की प्राथमिकता रायगढ़ के हर गांव, हर परिवार और हर बच्चे का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। गांवों में शिक्षा की बेहतर व्यवस्था, बच्चों के लिए सुविधाजनक आंगनबाड़ी केंद्र और युवाओं के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक अधोसंरचना का विकास कर नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

शिक्षा और खेल सुविधाओं के विस्तार से बच्चों एवं युवाओं को मिलेगा लाभ

ग्राम दर्रीपाली में अतिरिक्त कक्ष के निर्माण से विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। वहीं नवीन आंगनबाड़ी भवन से छोटे बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा, पोषण एवं देखभाल संबंधी गतिविधियों के संचालन में सुविधा मिलेगी। अहाता निर्माण से परिसर की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को मजबूती मिलेगी। क्रिकेट ग्राउंड के निर्माण से गांव के युवाओं और खेल प्रतिभाओं को अभ्यास एवं खेल गतिविधियों के लिए बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में विकास कार्यों को समान प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का प्रयास है कि गांवों में ही शिक्षा, खेल और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित हों, ताकि ग्रामीण बच्चों एवं युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिल सकें।

About The Author