अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर विभिन्न गतिविधियों का हुआ आयोजन

राजनांदगांव, 15 अक्टूबर 2026/sns/- अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी राजनांदगांव में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बालिकाओं के सम्मान, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता के लिए पोस्टर मेकिंग, रंगोली एवं निबंध प्रतियोगिता सहित अन्य गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से बालिका शिक्षा, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, लैंगिक समानता, बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण तथा बाल विवाह की रोकथाम, पीसीपीएनडीटी एक्ट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बालिकाओं के अधिकारों एवं समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि बालिकाओं को समान अवसर प्रदान करने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में बालिकाओं के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने तथा बालिकाओं के प्रति सम्मान, समानता और संवेदनशीलता की भावना को प्रोत्साहित किया गया। इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस में जन-जागरूकता प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता-रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में सदस्य जिला पंचायत श्रीमती किरण विनोद बारले, श्रीमती शीला टाकेश सिन्हा, श्रीमती बीरम बाई मण्डावी, समाज सेवी श्रीमती मधुलिका रामटेके मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन, पीसीपीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ. अल्पना लूनिया, एनसीडी नोडल अधिकारी डॉ. अशोक बसोड, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बीएल तुलावी एवं कार्यालय अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

About The Author