सेवा सेतु केंद्रों से नागरिकों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
मुंगेली, 16 अक्टूबर 2026/sns/- जिले में नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, सुगम, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा सेतु केंद्रों के सुचारू संचालन पर जोर दिया जा रहा है। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्रीमती सोनम शर्मा द्वारा जिले के समस्त सेवा सेतु ऑपरेटरों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्रों के व्यवस्थित संचालन, आवेदन प्रक्रिया में नियमानुसार कार्यवाही तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी ऑपरेटरों को निर्देशित किया गया कि वे सभी ऑनबोर्ड सेवाओं के आवेदन नियमानुसार प्राप्त करें और उन्हें संबंधित पोर्टल पर दर्ज करें। आवेदन प्रक्रिया में निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि नागरिकों को सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी न हो। बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी सेवा सेतु केंद्रों में सीएससी एवं सेवा सेतु का कॉमन फ्लेक्स, निर्धारित सेवा दर सूची तथा प्रत्येक सेवा के लिए आवश्यक दस्तावेजों की सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाए। इससे नागरिकों को संबंधित सेवाओं की निर्धारित दरों और आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेजों की जानकारी केंद्र पर ही उपलब्ध हो सकेगी।
इसके साथ ही सभी केंद्रों में नागरिकों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि सेवा लेने के लिए पहुंचने वाले लोगों को सुविधाजनक वातावरण मिल सके। बैठक में सेवा सेतु ऑपरेटरों को निर्देशित किया गया कि वे अपने केंद्रों का संचालन व्यवस्थित तरीके से करें और नागरिकों को पारदर्शी, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दें। निर्धारित दरों एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने तथा आवेदन प्रक्रिया को नियमानुसार संचालित करने से नागरिकों को आवश्यक जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी।