मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण एवं मतदान केन्द्रों के युक्ति युक्तकरण को लेकर राजनीतिक दलों की बैठक संपन्न
अम्बिकापुर, 23 अक्टूबर 2026/sns/- भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 की स्थिति में फोटोयुक्त मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 एवं मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण के संबंध में 22 अक्टूबर को बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर सरगुजा के मार्गदर्शन में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आशुतोष कुमार देवांगन ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।
बैठक में मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तकरण तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर विचार-विमर्श किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 2 नवंबर 2026 को मतदान केन्द्रों का प्रकाशन, 12 नवंबर को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन तथा 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावा-आपत्ति प्राप्त की जाएगी। प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके पश्चात 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।