राज्योत्सव पर 1 से 3 नवंबर तक रोशनी से जगमगाएंगे शासकीय भवन
कोरबा, 23 अक्टूबर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में 2 नवंबर को एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की उपलब्धियों, योजनाओं और सफल परियोजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। आयोजन की मुख्य थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ होगी।
राज्य शासन के निर्देशानुसार कार्यक्रम स्थल पर विभागीय प्रदर्शनी के साथ स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां गरिमापूर्ण होंगी और कार्यक्रम के दौरान मितव्ययिता का ध्यान रखा जाएगा। शासन की कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी कार्यक्रम में लाभान्वित किया जाएगा।
राज्योत्सव के अवसर पर 1 नवंबर से 3 नवंबर तक जिले के सभी शासकीय भवनों में रोशनी की जाएगी। भवनों को ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम के अनुरूप सजाया जाएगा। निजी संस्थानों से भी अपने भवनों में रोशनी करने का आग्रह किया गया है। इस व्यवस्था पर होने वाला व्यय संबंधित विभाग अपने विभागीय बजट से वहन करेंगे।