जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न
मुंगेली, 23 अक्टूबर 2026/sns/- जनगणना-2027 के आगामी चरण की तैयारियों को व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण में जिला एवं चार्ज स्तर के जनगणना अधिकारियों तथा कर्मचारियों को जनगणना की प्रक्रिया, कार्यप्रणाली और दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई। जनगणना कार्यालय द्वारा नियुक्त प्रशिक्षक श्री विद्यानंद एवं श्री विक्रम ने प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों की दक्षता बढ़ाना, निर्धारित प्रक्रियाओं की स्पष्ट समझ विकसित करना तथा आगामी कार्यों को बेहतर समन्वय के साथ संपन्न कराना रहा।
प्रशिक्षण के निर्धारित कार्यक्रम में जनगणना की अवधारणा एवं परिभाषाओं, मोबाइल ऐप की उपयोगिता और कार्यप्रणाली, निगरानी के लिए डेटा की गुणवत्ता के मानकों तथा ई-जनगणना पोर्टल पर स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका, जनसंख्या गणना के लिए मीडिया एवं प्रचार गतिविधियों, मुद्रण एवं लॉजिस्टिक्स तथा आवश्यक किट सामग्री के प्रबंधन पर भी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में आगामी चरण की तैयारी, कार्ययोजना और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिम्मेदारियों के निर्वहन पर विशेष ध्यान दिया गया। इससे जनगणना कार्य में एकरूपता, समन्वय और डेटा की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।