ग्राम जमुनाही में विधिक सेवा मेगा ड्राइव का सफल समापन, 64 आवेदनों का हुआ निराकरण

मुंगेली, 23 अक्टूबर 2026/sns/- ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक कानूनी सहायता पहुंचाने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली द्वारा संचालित लीगल एड क्लीनिक के 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के प्रथम चरण का ग्राम जमुनाही में सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह अभियान 25 अगस्त से 23 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया गया। समापन कार्यक्रम में ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी अधिकारों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों से प्राप्त समस्याओं के आवेदनों पर संबंधित विभागों के समन्वय से कार्यवाही की गई। अभियान का उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को न्याय तक पहुंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता करना रहा।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (सालसा) के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान का समापन 23 अक्टूबर को श्री सतीश कुमार खाखा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों, महिलाओं, विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों, कर्मचारियों और पैरालीगल वालंटियर्स ने भाग लिया। मेगा ड्राइव के प्रथम चरण में ग्राम जमुनाही के ग्रामीणों से विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए कुल 74 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें शौचालय निर्माण से संबंधित 27, वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित 06, विद्युत संबंधी 08, प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित 15 तथा अन्य समस्याओं से संबंधित 18 आवेदन शामिल थे। प्राप्त आवेदनों में से 64 का निराकरण किया जा चुका है, जबकि शेष 10 आवेदनों को आवश्यक कार्यवाही के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया है। कार्यक्रम में श्री देवेंद्र कुमार दीक्षित, व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी, लोरमी, श्री सी.पी. सोनी, नायब तहसीलदार लोरमी, ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारीगण, पैरालीगल वालंटियर्स तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

About The Author