नांदघाट-मुंगेली मार्ग बनेगा फोरलेन, नाली एवं पुलिया निर्माण का कार्य प्रगति पर
मुंगेली, 23 अक्टूबर 2026/sns/- जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत बनाने और आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में नांदघाट-मुंगेली मार्ग (राज्य राजमार्ग-10) के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण की महत्वपूर्ण पहल की गई है। इस मार्ग को फोरलेन बनाने के लिए उपमुख्यंत्री श्री अरूण साव के निर्देशानुसार 13,834 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। कुल 36.40 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के उन्नयन से क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पूर्व में नांदघाट-मुंगेली मार्ग अत्यधिक जर्जर अवस्था में था, जिससे इस मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
सड़क की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग द्वारा इसके चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए स्वीकृति प्रदान की गई। वर्तमान में निर्माण कार्य के अंतर्गत नाली निर्माण एवं पुलिया निर्माण का कार्य प्रगति पर है। नांदघाट-मुंगेली मार्ग के फोरलेन निर्माण से सड़क की क्षमता बढ़ाने, यातायात को अधिक व्यवस्थित बनाने और यात्रियों के आवागमन को सुगम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। चौड़ी एवं मजबूत सड़क से क्षेत्र के नागरिकों, वाहन चालकों और नियमित यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी। सड़क के साथ नाली एवं पुलिया निर्माण से जल निकासी और सड़क संरचना को बेहतर बनाने में भी सहायता मिलेगी।