जिला स्तरीय युवा उत्सव 27 अक्टूबर को पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में
अम्बिकापुर, 24 अक्टूबर 2026/sns/- युवाओं में पारस्परिक एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 27 अक्टूबर को शासकीय पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम, अंबिकापुर में किया जाएगा। युवा उत्सव में जिले के युवा लोक नृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज, पारंपरिक वेशभूषा और विकसित भारत चैलेंज ट्रैक में भाग लेंगे।
15 से 29 वर्ष तक के युवा कर सकेंगे भागीदारी
प्रतिभागियों की आयु 15 से 29 वर्ष तथा संगतकारों की आयु 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 17 अगस्त 2026 की स्थिति में की जाएगी। कोई भी प्रतिभागी किसी एक ही विधा में भाग ले सकेगा। प्रत्येक विधा के विजेताओं का चयन कम से कम तीन विषय विशेषज्ञों की निर्णायक समिति करेगी।
विकसित भारत चैलेंज ट्रैक में माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन क्विज के बाद चयनित प्रतिभागी निबंध लेखन और प्रस्तुतीकरण के चरण में पहुंचेंगे। जिला स्तर पर शीर्ष 50 निबंधों का चयन पीपीटी राउंड के लिए होगा। प्रतिभागियों को अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए अधिकतम पांच मिनट मिलेंगे। इस ट्रैक का विषय “जनजातीय नेतृत्व, प्राकृतिक संसाधन एवं समावेशी विकास” है।
विधावार निर्धारित हैं प्रस्तुति के नियम
लोक नृत्य और लोकगीत दल में सात सदस्य तथा अधिकतम तीन संगतकार शामिल हो सकेंगे। दोनों विधाओं में प्रस्तुति के लिए 5 से 8 मिनट और मंच व्यवस्था के लिए अतिरिक्त तीन मिनट दिए जाएंगे। लोक नृत्य में टेप रिकॉर्डेड संगीत मान्य नहीं होगा, जबकि लोकगीत भारतीय क्षेत्रीय भाषा में प्रस्तुत किया जा सकेगा; फिल्मी गीत मान्य नहीं होंगे। जिला स्तर के शीर्ष दो दल राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे।
चित्रकला में प्रतिभागी को निर्धारित विषय पर ए-3 आकार के पोस्टर पर एक मौलिक चित्र बनाना होगा। इसके लिए अधिकतम छह घंटे मिलेंगे और पोस्टर पर प्रस्तुत मूल चित्र ही मान्य होगा। कविता हिंदी, अंग्रेजी या किसी भारतीय क्षेत्रीय भाषा में लिखी जा सकेगी। कविता लेखन के लिए 90 मिनट निर्धारित हैं। रचना में हिंसा, अपराध, आपत्तिजनक विषय या जाति, धर्म और नस्ल के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए।
नुक्कड़ नाटक दल में अधिकतम 10 सदस्य हो सकते हैं। प्रस्तुति के लिए सात मिनट और मंच व्यवस्था के लिए अतिरिक्त तीन मिनट मिलेंगे। प्रतिभागी अपनी वेशभूषा और आवश्यक सामग्री स्वयं लाएंगे। पारंपरिक वेशभूषा विधा में छत्तीसगढ़ की वेशभूषा का प्रदर्शन किया जाएगा और साज-सज्जा की सामग्री प्रतिभागियों को स्वयं लानी होगी।
क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज में प्रत्येक प्रतिभागी “नशामुक्त युवा फॉर विकसित छत्तीसगढ़” विषय पर अधिकतम 60 सेकंड की मौलिक रील प्रस्तुत कर सकेगा। रील को अपने व्यक्तिगत इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट कर जिले के कलेक्टरेट के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट को टैग करना होगा। पोस्ट में #Cg_Youth_Fest2026 और #NashaMuktChhattisgarh हैशटैग का उपयोग अनिवार्य है। मूल्यांकन में सोशल मीडिया सहभागिता, रचनात्मकता, विषय के अनुरूप संदेश और प्रस्तुतीकरण को अंक दिए जाएंगे। फर्जी या बॉट के जरिए बढ़ाए गए लाइक्स मिलने पर प्रविष्टि निरस्त की जा सकती है।
रॉकबैंड प्रतियोगिता जिला स्तर पर नहीं होगी। यह केवल राज्य स्तर पर आयोजित की जाएगी। दल में अधिकतम 10 सदस्य हो सकेंगे, प्रस्तुति के लिए 20 मिनट मिलेंगे और सभी वाद्ययंत्र प्रतिभागियों को स्वयं लाने होंगे।
राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगा प्रतिनिधित्व का अवसर
जिला स्तर पर चुने गए प्रतिभागी राज्य स्तरीय युवा उत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। लोक नृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक के शीर्ष दो दलों को राज्य स्तर के लिए चुना जाएगा। राज्य स्तरीय युवा उत्सव 1 से 7 दिसंबर 2026 के बीच बिलासपुर में तथा राष्ट्रीय युवा उत्सव 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित होगा।