टीबी-मुक्त सुकमा के संकल्प के साथ जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न

सुकमा, 24 अक्टुबर 2026/sns/- जिले में टीबी उन्मूलन अभियान को गति देने और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से लेप्रा सोसाइटी के टीबी प्रोजेक्ट के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में शनिवार को जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में टीबी के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, संभावित मरीजों की शीघ्र पहचान, समय पर जाँच एवं उपचार सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में सीएमएचओ, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला क्षय अधिकारी, खंड चिकित्सा अधिकारी, DPPM, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, NTEP टीम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी एवं मितानिन प्रशिक्षकों ने सहभागिता की।
 बैठक के दौरान डॉ. प्रवीण तेली ने प्रस्तुति के माध्यम से टीबी के प्रमुख लक्षणों, जाँच प्रक्रिया, उपचार तथा संभावित मरीजों की पहचान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इसके बाद CMHO, DPM, DTO एवं DPPM सहित उपस्थित अधिकारियों ने टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, मैदानी गतिविधियों को सुदृढ़ करने और स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर समन्वय को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। चर्चा में इस बात पर बल दिया गया कि टीबी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी, समय पर जाँच, गुणवत्तापूर्ण उपचार और उपचार की निरंतरता सुनिश्चित करना आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग,  NTEP टीम, CHO एवं मितानिनों के संयुक्त प्रयासों से जिले में टीबी नियंत्रण गतिविधियों को नई गति देने पर जोर दिया गया।
बैठक के समापन पर लेप्रा सोसाइटी के जिला परियोजना समन्वयक श्री यशपाल जायसवाल ने सभी अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों,  NTEP टीम एवं मितानिन प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने टीबी उन्मूलन के साझा लक्ष्य को हासिल करने के लिए आपसी समन्वय, जन-जागरूकता और प्रतिबद्धता के साथ निरंतर कार्य करने की अपील की। बैठक ने स्पष्ट संदेश दिया कि टीबी के खिलाफ लड़ाई केवल स्वास्थ्य विभाग की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। समय पर पहचान, सही जाँच और पूरा उपचार ही टीबी-मुक्त सुकमा की दिशा में सबसे मजबूत कदम हैं।

About The Author