जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न

सुकमा, 25 अक्टुबर 2026/sns/-भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, सुकमा में 23 एवं 24 अक्टूबर 2026 को आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य निदेशालय, छत्तीसगढ़, रायपुर द्वारा नियुक्त नोडल अधिकारियों ने जनगणना की प्रक्रिया, कार्यप्रणाली एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों को आगामी कार्यों के लिए प्रशिक्षित किया।
प्रशिक्षण में मकान सूचीकरण, मकानों की गणना, निर्धारित प्रक्रियाओं के पालन तथा संबंधित अभिलेखों के संधारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम में जिला एवं अनुविभागीय स्तर के अधिकारियों, तहसीलदारों, मुख्य नगरपालिका अधिकारियों सहित जनगणना कार्य से जुड़े अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण का उद्देश्य संबंधित कार्मिकों को उनके दायित्वों के प्रति स्पष्ट समझ प्रदान करना तथा जनगणना कार्य में समन्वय, सटीकता और समयबद्धता सुनिश्चित करना रहा।
जनगणना देश की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से जनसंख्या एवं आवास से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े संकलित किए जाते हैं। इन आंकड़ों का उपयोग विकास योजनाओं के निर्माण और प्रभावी प्रशासनिक निर्णय लेने में किया जाता है। जिला प्रशासन सुकमा द्वारा जनगणना 2027 की तैयारियों को व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में यह प्रशिक्षण महत्वपूर्ण कदम रहा। प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने तथा आगामी जनगणना प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए तैयार किया गया।

About The Author