निजी क्षेत्र के 460 पदों पर भर्ती के लिए 28 अक्टूबर को जिला स्तरीय रोजगार मेला आयोजित

कवर्धा, 26 अक्टूबर 2026/sns/- जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कबीरधाम द्वारा निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 28 अक्टूबर 2026, बुधवार को जिला स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार मेला वीर सावरकर भवन, अंबेडकर चैक, कवर्धा में प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। इस मेले के माध्यम से निजी क्षेत्र के विभिन्न नियोजकों द्वारा तकनीकी एवं गैर-तकनीकी श्रेणी के कुल 460 पदों पर भर्ती की जाएगी।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोजगार मेले में जीनिस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, रायपुर, पद्मावती ऑटोमोटिव, राजनांदगांव, स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड, रायपुर, पुष्कल एग्रोटेक लिमिटेड, बिलासपुर, फायर एंड सेफ्टी एंड डिजास्टर मैनेजमेंट, भिलाई, स्टार आदर्श होम हेल्थ केयर सर्विस सोसायटी, रायपुर तथा टीमलीज सर्विस लिमिटेड, कोरामंगला सहित विभिन्न निजी क्षेत्र के नियोजक शामिल होंगे।
रोजगार मेले में सम्मिलित होने के लिए आवेदकों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण से स्नातक एवं संबंधित पदों के लिए आवश्यक तकनीकी योग्यता निर्धारित की गई है। आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को पद एवं नियोजन के अनुसार 8,000 रुपये से 20,000 रुपये तक मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा। यह रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क है तथा निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए आयोजित किया जा रहा है।

पंजीयन कर प्रमाण पत्रों के साथ पहुंचें आवेदक

रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक आवेदकों के लिए रोजगार पंजीयन तथा रोजगार मेला पोर्टल पर पंजीयन कराना अनिवार्य है। पंजीयन के उपरांत आवेदक निर्धारित तिथि 28 अक्टूबर को अपने समस्त शैक्षणिक एवं तकनीकी प्रमाण पत्रों तथा उनकी छायाप्रतियों के साथ निर्धारित स्थल पर उपस्थित होकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। रिक्त पदों एवं भर्ती संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए विभागीय वेब पोर्टल का अवलोकन किया जा सकता है। रोजगार मेले के संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक अभ्यर्थी जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कबीरधाम के दूरभाष क्रमांक 07741-299344 पर संपर्क कर सकते हैं।

About The Author