जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आयोजित

मुंगेली, 27 अक्टूबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक ली। बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति, हर घर जल प्रमाणीकरण, लंबित निर्माण कार्यों तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर श्री तोपनो ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में हर घर जल योजना की प्रगति में तेजी लाते हुए शेष कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा मैदानी स्तर पर कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में आ रही समस्याओं की समीक्षा करते हुए ठेकेदारों के लंबित भुगतान से संबंधित प्रकरणों का नियमानुसार निराकरण करने पर जोर दिया। साथ ही निर्धारित समय-सीमा में लंबित कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके और आम नागरिकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और नियमित निगरानी का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री अंजोर सिंह पैकरा, मुंगेली एसडीएम श्री मायानंद चंद्रा, लोरमी एसडीएम श्री अभयजीत सिंह मंडावी, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा, जिला जल एवं स्वच्छता मिशन से संबंधित अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author