खूबचंद पारख का पुतला दहन कांग्रेस की घटिया मानसिकता का परिचायक – कोमल सिंह राजपूत

राजनांदगांव, 03 भारतीय2026/sns/- जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री कोमल सिंह राजपूत ने भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री खूबचंद पारख के बयान को लेकर कांग्रेस द्वारा किए गए पुतला दहन की कड़ी निंदा करते हुए इसे कांग्रेस की घृणित मानसिकता का परिचायक बताया है।

श्री राजपूत ने कहा कि जनता भली-भांति जानती है कि भाजपा द्वारा आयोजित *‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’* अभियान की पदयात्रा के दौरान नारे लगाते समय वरिष्ठ नेता खूबचंद पारख की जुबान फिसल गई थी और वे भूलवश ‘बचाओ’ की जगह ‘हटाओ’ बोल गए थे। यह एक सामान्य मानवीय भूल थी, जो अक्सर सार्वजनिक जीवन में बोलते समय किसी से भी हो सकती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के बयानों और सोशल मीडिया पर उनकी कथित भाषायी एवं तथ्यात्मक गलतियों को लेकर भी अनेक बार चर्चाएं होती रही हैं। ऐसी मानवीय भूलों पर भाजपा ने कभी पुतला दहन जैसी राजनीति नहीं की, बल्कि उन्हें सामान्य भूल मानकर ही देखा है। सोशल मीडिया पर किसी बयान को लेकर चर्चा या मजाक होना अलग बात है, लेकिन एक सामान्य जुबानी चूक पर पुतला दहन करना कांग्रेस की राजनीतिक सोच को दर्शाता है।

श्री राजपूत ने कहा कि कांग्रेस के पास जनहित और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के लिए कोई ठोस विषय नहीं बचा है, इसलिए वह छोटी-सी जुबानी चूक को बड़ा मुद्दा बनाकर राजनीतिक प्रदर्शन कर रही है। शब्दों की खाल निकालकर पुतला दहन करना न केवल अनावश्यक है, बल्कि इससे कांग्रेस की ही किरकिरी हो रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान अपने निर्धारित उद्देश्यों के साथ निरंतर जारी रहेगा। कांग्रेस के ऐसे प्रदर्शनों से भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल प्रभावित होने वाला नहीं है।

About The Author