राज्योत्सव में जनसंपर्क विभाग की छायाचित्र प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र


बीजापुर, 03 नवम्बर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय बीजापुर के मिनी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह में जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। कलेक्टर श्री विश्वदीप के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रदर्शनी के माध्यम से छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों के साथ नक्सलमुक्त बीजापुर में शांति, विश्वास और विकास के नए दौर की तस्वीरों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

मुख्य अतिथि मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने किया अवलोकन- राज्योत्सव समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने जनसंपर्क विभाग के स्टॉल में पहुंचकर छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शनी में दर्शाए गए विकास कार्यों, शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जिले की बदलती तस्वीर से संबंधित छायाचित्रों का अवलोकन कर जानकारी प्राप्त की।

छायाचित्रों में दिखी शांति, विश्वास और विकास की नई तस्वीर- प्रदर्शनी में विकसित छत्तीसगढ़ की परिकल्पना के साथ बदलते बीजापुर की विकास यात्रा को विशेष रूप से रेखांकित किया गया। छायाचित्रों के माध्यम से जिले में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना विकास, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण आजीविका एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। विशेष रूप से नक्सलमुक्त बीजापुर में विकास की नई संभावनाओं, दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रही बुनियादी सुविधाओं तथा बंद स्कूलों के पुनः संचालन जैसी महत्वपूर्ण उपलब्धियों ने जिले की बदलती तस्वीर को सामने रखा। प्रदर्शनी ने बीजापुर में शांति और विकास के साथ हो रहे सकारात्मक बदलावों की झलक प्रस्तुत की।

‘जन-मन‘ पत्रिका एवं प्रचार सामग्री का किया गया वितरण- जनसंपर्क विभाग के स्टॉल में छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका ‘जन-मन‘ सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित पाम्पलेट, ब्रोशर एवं अन्य प्रचार सामग्री का वितरण किया गया। इसके माध्यम से आम नागरिकों को शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और हितग्राहीमूलक कार्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराई गई। राज्योत्सव में पहुंचे नागरिकों ने छायाचित्र प्रदर्शनी के माध्यम से छत्तीसगढ़ शासन की उपलब्धियों एवं बीजापुर जिले में संचालित विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। जनसंपर्क विभाग की यह प्रदर्शनी शासन की योजनाओं और विकास संबंधी जानकारियों को आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनी। साथ ही “शांति का बीजापुर, समृद्धि का बीजापुर” और विकसित बीजापुर की परिकल्पना को तस्वीरों के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।

About The Author