क्यूआर कोड और टोकन के माध्यम से किसानों को मिली खाद

मुंगेली, 05 नवंबर 2026/sns/- किसानों को रासायनिक उर्वरकों का पारदर्शी, सुगम एवं निर्धारित दर पर वितरण सुनिश्चित करने की दिशा में जिले में डिजिटल पहल शुरू हो गई है। शासन की फ्रेमवर्क फर्टिलाइजर सेल व्यवस्था के अंतर्गत गुरुवार को मेसर्स सुपर एजेंसी, मुंगेली में एफएफएस ऐप के माध्यम से क्यूआर कोड-टोकन जारी कर किसानों को उर्वरक वितरण का शुभारंभ किया गया। इस व्यवस्था से किसानों को उनकी कृषि भूमि के रकबे और बोई गई फसल के अनुरूप आवश्यक उर्वरक उपलब्ध कराने के साथ वितरण प्रक्रिया का डिजिटल रिकॉर्ड भी रखा जा सकेगा।
शुभारंभ अवसर पर निजी कृषि केन्द्र के माध्यम से विभिन्न किसानों को अलग-अलग प्रकार के उर्वरक वितरित किया गया। इसमें ग्राम बैहाकापा के कृषक श्री अनिष कुमार भारद्वाज को 06 बोरी यूरिया, ग्राम पेन्डाराकापा के कृषक श्री रामफल साहू को 02 बोरी एनपीके 28ः28ः0, ग्राम कारेसरा के कृषक श्री जितेंद्र कुमार को 02 बोरी टीएसपी तथा ग्राम दाबा की कृषक श्रीमती सरस्वती साहू को 01 बोरी टीएसपी प्रदान की गई। इसी प्रकार सेवा सहकारी समिति जुनवानी, विकासखंड पथरिया के माध्यम से ग्राम डाकाचाका के कृषक श्री देवाराम को 02 बोरी डीएपी, 01 बोरी पोटाश एवं 01 बोरी एसएसपी का वितरण किया गया।
उप संचालक कृषि श्रीमती ठाकुर ने किसानों को एफएफएस व्यवस्था की उपयोगिता बताते हुए कहा कि इस डिजिटल प्रणाली का मुख्य उद्देश्य किसानों को उनकी कृषि भूमि एवं बोई गई फसल के अनुरूप आवश्यकता के अनुसार रासायनिक उर्वरक उपलब्ध कराना है। इससे उर्वरक की उपलब्धता, निर्धारित दर पर बिक्री और वितरण का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा। यह प्रणाली कालाबाजारी, अनावश्यक भंडारण एवं उर्वरक वितरण में होने वाली अनियमितताओं पर नियंत्रण स्थापित करने में भी सहायक होगी। जिला उर्वरक निरीक्षक एवं एफएफएस जिला मास्टर ट्रेनर श्री मनहरण कुर्रे ने किसानों और उपस्थित अधिकारियों को ऐप के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मौके पर ही किसान का टोकन जारी कर पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि किसान एफएफएस ऐप में सबसे पहले अपनी कृषि भूमि एवं बोई गई फसल का विवरण दर्ज करेंगे। इसके बाद आवश्यक उर्वरक और उसकी मात्रा का चयन कर संबंधित विक्रेता चुनेंगे। ऐप के माध्यम से क्यूआर कोड-टोकन जनरेट होने के बाद किसान संबंधित विक्रेता से उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। इस अवसर पर अनुविभागीय कृषि अधिकारी मुंगेली श्री सुभाष सोनी उपस्थित रहे।

About The Author