सुशासन परिसर एवं पंचायत कैफ़े के निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश

सुकमा,  05 नवम्बर 2026/sns/- पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में सुशासन की अवधारणा को धरातल पर साकार करने तथा ग्रामीणों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निर्माणाधीन सुशासन परिसर एवं पंचायत कैफ़े के कार्यों को गति देने की दिशा में जिला प्रशासन ने सक्रिय पहल की है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर ने बुधवार को जिला पंचायत सभा कक्ष में निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर प्रगति का जायजा लिया। बैठक में जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, संबंधित ग्राम पंचायतों के तकनीकी सहायक, सचिव एवं सरपंच उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक में श्री ठाकुर ने प्रत्येक निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति का बारीकी से आकलन करते हुए अधिकारियों एवं मैदानी अमले को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब, लापरवाही अथवा उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्यों को समय पर पूर्ण नहीं करने वाले जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा नियमित स्थल निरीक्षण कर कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री ठाकुर ने कहा कि सुशासन परिसर एवं पंचायत कैफ़े केवल निर्माण परियोजनाएं नहीं, बल्कि ग्राम पंचायतों को अधिक सक्षम, सुविधायुक्त एवं जनोन्मुखी बनाने की महत्वपूर्ण पहल हैं। इनके पूर्ण होने से ग्रामीण स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूती मिलेगी तथा आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से आपसी समन्वय, जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का आह्वान किया, ताकि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।

About The Author