श्री साई बाबा आदर्श महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित

अम्बिकापुर, 05 नवम्बर 2026/sns/- भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरगुजा के मार्गदर्शन में मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत महाविद्यालयों में गठित स्वीप एवं निर्वाचन साक्षरता क्लब  के माध्यम से 2 से 7 नवंबर 2026 के मध्य विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में गुरुवार को श्री साईं बाबा आदर्श महाविद्यालय में निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता का विषय “मतदान का महत्व” तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का विषय “मतदाता सूची तैयार करना, ईवीएम एवं वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया और मतगणना प्रक्रिया” रखा गया। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित निबंध प्रतियोगिता में लगभग 30 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में एम.एससी. प्रथम सेमेस्टर की माधुरी राजवाड़े एवं बी.एससी. बी.एड. तृतीय वर्ष की एकता रानी साहू विजेता रहीं।

वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छह विभागों की अलग-अलग टीमों ने भाग लिया, जिसमें कुल 30 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। प्रतियोगिता चार चरणों में आयोजित की गई। प्रथम चरण में बहुविकल्पीय प्रश्न के तीन राउंड, द्वितीय चरण में मस्तिष्क टीजर के दो राउंड, तृतीय चरण में विजुअल राउंड के दो राउंड तथा अंतिम चरण में रैपिड फायर राउंड आयोजित किया गया, जिसमें प्रत्येक टीम से तीन-तीन प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में शिक्षा विभाग की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कॉमर्स एवं लाइफ साइंस विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान तथा कंप्यूटर साइंस विभाग की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

निर्णायक मंडल द्वारा विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने हेतु दो विद्यार्थियों का चयन भी किया गया। इनमें बी.एससी. बी.एड. तृतीय वर्ष की रागिनी तिवारी एवं  बी.एससी. पंचम सेमेस्टर सात्विक राज शामिल हैं। चयनित विद्यार्थी 11 से 13 नवंबर 2026 के मध्य आयोजित होने वाली विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के स्वीप नोडल अधिकारी श्री सुमन मिंज तथा स्वीप कैंपस एम्बेसडर निशा निषाद एवं चन्द्र प्रकाश के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वीप समिति के सदस्य श्री देवेन्द्र दास सोनवानी एवं श्रीमती आकांक्षा श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में  स्वीप प्रतिनिधि श्री रजनीश मिश्रा, विभागाध्यक्ष कंप्यूटर साइंस डॉ. विवेक कुमार गुप्ता, विभागाध्यक्ष शिक्षा डॉ. दिनेश शाक्य, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेन्द्र दास सोनवानी एवं श्रीमती पल्लवी मुखर्जी शामिल रहे।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में क्विज मास्टर की भूमिका स्वीप नोडल अधिकारी श्री सुमन मिंज ने निभाई। आयोजन को सफल बनाने में स्वीप, निर्वाचन साक्षरता क्लब एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सदस्यों तथा स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इनमें हिमांशु शर्मा, आशीष दास, मनीष कुमार रवि, श्रवण आयाम, अमित मरावी, संजू लकड़ा, रिमझिम सहित अन्य छात्र-छात्राएं शामिल रहे। इस अवसर पर विद्यार्थियों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने, आवश्यकतानुसार मतदाता विवरण में सुधार कराने तथा निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

About The Author