कवर्धा शहर के विकास कार्यों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

कवर्धा, 06 नवंबर 2026/sns/- कवर्धा शहर को सुव्यवस्थित, स्वच्छ, सुंदर और नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने के उद्देश्य से शहर में विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित विकास स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति, निर्माण की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्री चन्द्र प्रकाश चंद्रवंशी उपस्थित रहे।

जिला अस्पताल के सामने प्रस्तावित शिव वाटिका और पुराने जिला अस्पताल में पब्लिक गार्डन के लिए स्थल का अवलोकन

कलेक्टर ने जिला अस्पताल के सामने प्रस्तावित शिव वाटिका के स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थल की उपलब्धता और प्रस्तावित विकास कार्यों के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही पुराने जिला चिकित्सालय परिसर में प्रस्तावित पब्लिक गार्डन के स्थल का भी जायजा लिया। उन्होंने शहरवासियों को बेहतर सार्वजनिक स्थल और हरियाली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन स्थलों के विकास की योजना को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

लगभग सवा दो करोड़ की लागत से बन रही चैपाटी का काम अंतिम चरण में

कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने नगर पालिका कार्यालय के सामने निर्माणाधीन चैपाटी का निरीक्षण किया। लगभग सवा दो करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही यह चैपाटी निर्माण के अंतिम चरण में है। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन करते हुए शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। चैपाटी के विकसित होने से शहरवासियों को खानपान और परिवार के साथ समय बिताने के लिए एक व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हो सकेगा।

10.73 करोड़ के गौरव पथ निर्माण का लिया जायजा

कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने राजनांदगांव बायपास से नवीन बाजार तक लगभग 10.73 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन गौरव पथ का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क निर्माण की प्रगति और संबंधित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। गौरव पथ के निर्माण से शहर की यातायात व्यवस्था और आवागमन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

समनापुर स्थित ओल्ड एसएलआरएम केंद्र का निरीक्षण

कलेक्टर ने समनापुर स्थित पुराने एसएलआरएम (सॉलिड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट) केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र की वर्तमान स्थिति और संचालन से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा उपलब्ध संसाधनों का उपयोग सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

गौधाम के संचालन के लिए गांवों में घास उत्पादन की बनेगी व्यवस्था

शहर में स्थापित गौधाम का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने गोवंश के लिए चारा और घास की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आसपास के गांवों में उपयुक्त भूमि का चिन्हांकन कर उसे घास उत्पादन के लिए आरक्षित कराया जाए। इससे गौधाम सहित गांवों में गोवंश के लिए चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि गौसेवा के कार्यों में रुचि रखने वाले इच्छुक गौसेवक भी इस पहल से जुड़कर अपना योगदान दे सकते हैं। इसके लिए गांवों में उपलब्ध भूमि का बेहतर उपयोग करते हुए घास उत्पादन को प्रोत्साहित किया जाए, ताकि गौवंश के लिए चारे की व्यवस्था निरंतर बनी रहे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने कहा कि शहर के विकास से जुड़े सभी प्रस्तावित और निर्माणाधीन कार्यों को नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर आगे बढ़ाया जाए। सार्वजनिक स्थलों के विकास, बेहतर सड़क सुविधा, स्वच्छता व्यवस्था और गौवंश संरक्षण से जुड़े कार्यों में विभागीय समन्वय के साथ तेजी लाने के निर्देश दिए। निरक्षण के दौरान एसडीएम श्री चेतन साहू, नगर पालिका सीएमओ श्री नारायण साहू उपस्थित रहे।

About The Author