जनजातीय गौरव दिवस पर तरेगांव (जंगल) में विद्युत विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं

तरेगांव/कवर्धा, 13 नवंबर 2026/sns/- जनजातीय बहुल गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा प्रत्येक परिवार तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड अंतर्गत ग्राम तरेगांव (जंगल) में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड की ओर से ग्रामीणों को विद्युत विकास, बिजली सुविधाओं के विस्तार तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री नरेन्द्र ध्रुर्वे सहित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में विद्युत कंपनी के अधिकारियों ने क्षेत्र में विद्युत अधोसंरचना के विकास और ग्रामीण परिवारों तक बिजली की सुविधा पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की। इस अवसर पर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से संबंधित प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर तरेगांव उपसरपंच श्रीमती पुसैया बाई, श्री ईश्वर  ध्रुर्वे, श्री मिलउ परस्ते, श्री कहैन्या मेरावी, श्री गंगूराम टेकाम, श्रीमती संत्रीबाई, श्रीमती कलीबाई, श्री अजय ध्रुर्वे, श्रीमती सतवंतीन मेरावी, श्री करण मेरावी, श्रीमती ननकीबाई एवं  अन्य नागरिक उपस्थित हुए।
जनजातीय अंचलों में विद्युत विकास को प्राथमिकता:-
अधिकारियों ने बताया कि जनजातीय बहुल गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित करने में बिजली की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्युत कंपनी द्वारा गांव के प्रत्येक घर तक बिजली पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि कोई भी परिवार विद्युत सुविधा से वंचित न रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत अधोसंरचना को मजबूत बनाने, बिजली आपूर्ति की व्यवस्था बेहतर करने तथा उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली केवल रोशनी का माध्यम नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आजीविका और आर्थिक गतिविधियों के विकास का महत्वपूर्ण आधार है। घरों में नियमित बिजली उपलब्ध होने से बच्चों की पढ़ाई, ग्रामीणों के दैनिक कार्यों और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलता है। इसी उद्देश्य से कंपनी जनजातीय एवं दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में विद्युत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
ग्रामीणों से सीधा संवाद कर जानी विद्युत समस्याएं:–
कार्यक्रम के दौरान विद्युत अधिकारियों ने ग्राम पंचायत तरेगांव (जंगल) के सरपंच, उपसरपंच एवं बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। ग्रामीणों की विद्युत संबंधी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी लेकर बिजली आपूर्ति, विद्युत कनेक्शन, बिजली बिल, विद्युत सुविधाओं के विस्तार तथा अन्य आवश्यक विषयों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्राप्त समस्याओं के निराकरण तथा क्षेत्र में विद्युत सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों से संपर्क करें तथा शासन की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएं।
विद्युत विकास से गांवों के जीवन में आएगा सकारात्मक बदलाव:-
अधिकारियों ने कहा कि जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का उद्देश्य जनजातीय बहुल गांवों में बिजली, पेयजल सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। विद्युत कंपनी इस दिशा में शासन के निर्देशों के अनुरूप अपनी भूमिका निभा रही है। गांवों में मजबूत विद्युत व्यवस्था से ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा और विकास की नई संभावनाएं निर्मित होंगी। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत तरेगांव (जंगल) के सरपंच, उपसरपंच एवं ग्रामीणों के साथ विद्युत कंपनी के अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री मंगल तिर्की, कार्यपालन अभियंता प्रोजेक्ट श्री आर. के. गोस्वामी, सहायक अभियंता श्री यू.के. ध्रृतलहरे, श्री आशीष सोनी, लाइन स्टाफ श्री विजेन्द्र बारले सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्युत विकास को ग्रामीण एवं जनजातीय अंचलों की प्रगति का आधार बताते हुए हर घर तक बेहतर विद्युत सुविधाएं पहुंचाने के संकल्प को दोहराया गया।

About The Author