जिला स्तरीय युवा उत्सव 18 नवंबर को, युवाओं को मिलेगा प्रतिभा दिखाने की मंच
मुंगेली, 12 नवंबर 2026/sns/- जिले के युवाओं को कला, संस्कृति एवं रचनात्मक गतिविधियों के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय युवा उत्सव वर्ष 2026-27 का आयोजन 18 नवंबर को किया जाएगा। वरिष्ठ खेल अधिकारी ने बताया कि युवा उत्सव का आयोजन जिला मुख्यालय स्थित डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित होगा।
युवा उत्सव के माध्यम से युवाओं को अपनी रचनात्मकता, कला-कौशल और सांस्कृतिक प्रतिभा को मंच प्रदान किया जाएगा। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। इस आयोजन में कुल आठ विधाओं में प्रतियोगिताएं एवं गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोक नृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, पारंपरिक वेशभूषा, नुक्कड़ नाटक तथा क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज शामिल हैं।