घुटनों के बल चलने वाली दीपिका आज भर रही है सपनों की उड़ान, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं ने बदली जिंदगी
सुकमा, 14 नवम्बर 2026/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व में सुकमा जिले में हो रहे स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और प्रशासन की संवेदनशील कार्यप्रणाली ने एक बेटी के बुझते सपनों में फिर से जान फूंक दी है। छिंदगढ़ विकासखंड के ग्राम बकुला घाट निवासी स्व. तुलसीराम नाग की पुत्री दीपिका नाग की संघर्ष और सफलता की कहानी सुकमा की बदलती तस्वीर की जीवंत मिसाल है। वर्ष 2020 में गंभीर शारीरिक तकलीफ के चलते जब दीपिका को जिला अस्पताल सुकमा लाया गया, तब वह अपने पैरों पर खड़े होने में भी असमर्थ थी और घुटनों के बल चलने को मजबूर थी। जिला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुशवाहा ने गहन जांच के बाद उसे “हड्डी की टीबी“ (बोन टीबी) होने की पुष्टि की। चिकित्सक और स्वास्थ्य अमले ने दीपिका को बाहर रेफर करने के बजाय जिले में ही सर्वाेत्तम उपचार देने का बीड़ा उठाया और एक माह तक अस्पताल में भर्ती रखकर सघन निगरानी में इलाज शुरू किया।
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की इस प्रतिबद्धता का सुखद परिणाम यह रहा कि लगभग दो वर्षों तक चले निरंतर निःशुल्क उपचार, नियमित जांच और “राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम“ के तहत मिली पोषण आहार की आर्थिक सहायता ने दीपिका को पूरी तरह रोगमुक्त कर दिया। इलाज के दौरान न केवल उसका 15 किलोग्राम वजन बढ़ा, बल्कि वह फिर से अपने पैरों पर खड़ी होकर दौड़ने लगी। बीमारी को मात देने के बाद दीपिका ने अपने दृढ़ संकल्प और प्रशासन से मिले संबल के दम पर प्रतिष्ठित जवाहर नवोदय विद्यालय सुकमा की प्रवेश परीक्षा भी उत्तीर्ण की और आज वह कक्षा 11वीं की मेधावी छात्रा के रूप में अपने उज्ज्वल भविष्य की इबारत लिख रही है।
प्रशासन की संवेदनशीलता और निरंतर निगरानी का क्रम आज भी जारी है। हाल ही में दिवाली की छुट्टियों में जब दीपिका अपने घर आई, तो जिला टीबी समन्वयक श्री जयनारायण सिंह ने विशेष गृहभेंट कर उसके स्वास्थ्य का फॉलोअप लिया। इस भावुक पल में उन्होंने दीपिका को वर्ष 2020 की वह तस्वीर दिखाई, जब अस्पताल में भर्ती कराते समय उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया था कि सुकमा में ही उसका निःशुल्क और संपूर्ण इलाज होगा। अपनी पुरानी तस्वीर को देखकर भावविभोर हुई दीपिका के चेहरे पर मुस्कान बिखर गई और उसने नया जीवन व बेहतर भविष्य देने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।