किसानों को सुगम और पारदर्शी धान खरीदी की तैयारी में जुटा प्रशासन, कलेक्टर ने किया खरीदी केंद्रों का निरीक्षण


सुकमा, 13 नवम्बर 2026/sns/- खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर शुरू होने जा रही धान खरीदीं को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर ने दोरनापाल एवं एर्राबोर धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार सभी तैयारियों की बारीकी से समीक्षा करते हुए सुनिश्चित किया कि खरीदी शुरू होने से पहले किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों और पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो।
निरीक्षण के दौरान किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, बिजली, साफ-सफाई एवं सुरक्षा इंतजामों का परीक्षण किया गया। इसके साथ ही कंप्यूटर, प्रिंटर, यूपीएस, जनरेटर, इंटरनेट कनेक्टिविटी, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, बायोमेट्रिक डिवाइस, सीसीटीवी कैमरे, नमी मापक यंत्र, बारदाने की उपलब्धता और धान भंडारण की व्यवस्थाओं की भी जांच की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों को सभी आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराने तथा कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कहा कि धान खरीदी शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी केंद्रों में सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं किसान हितैषी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीदी प्रक्रिया में लापरवाही, अव्यवस्था अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई होगी। इस दौरान उन्होंने उपस्थित किसानों से संवाद कर शासन की कृषक उन्नति योजना के संबंध में भी जानकारी दी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले सभी केंद्रों की तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं तथा खरीदी अवधि के दौरान नियमित निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को उनकी उपज के विक्रय के लिए सहज वातावरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जिला प्रशासन द्वारा सभी धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाओं की सतत समीक्षा की जा रही है, ताकि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी व्यवस्थित, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

About The Author