इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक द्वारा किया जाएगा जीवन प्रमाण पत्र का नवीनीकरण एवं जारी
मुंगेली, 16 नवंबर 2026/sns/-जिले के पेंशनरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जारी करने एवं उसके नवीनीकरण के लिए 18 नवंबर बुधवार को कलेक्टोरेट स्थित जिला कोषालय में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, मुंगेली द्वारा विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में जिले के पेंशनर उपस्थित होकर अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवा सकेंगे तथा पूर्व में जारी प्रमाण पत्र का नवीनीकरण करा सकेंगे। इससे पेंशनरों को जीवन प्रमाण पत्र संबंधी प्रक्रिया पूरी करने में सुविधा मिलेगी और उन्हें इसके लिए अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी।
जिला कोषालय द्वारा जिले के समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने-अपने कार्यालयों के पेंशनरों को शिविर की तिथि एवं स्थान की जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक पेंशनर इस सुविधा का लाभ उठा सकें। जिले के सभी पेंशनरों को निर्धारित तिथि एवं स्थान में आयोजित शिविर में उपस्थित होकर अपने डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जारी कराने अथवा नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी कराने कहा गया है।