पीएम यशस्वी योजना से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं को मिल रहा उच्च शिक्षा का अवसर
बलौदाबाजार-भाटापारा,18 नवम्बर 2026/sns/- आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली युवाओं को देश के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई के लिए केंद्र सरकार द्वारा छात्रवृत्ति के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित पीएम यशस्वी टॉप क्लास एजुकेशन इन कॉलेज योजना के अंतर्गत अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) तथा विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू जनजाति (डीएनटी) वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता दी जाती है।
इस योजना का लाभ लेकर विकासखंड बलौदाबाजार के ग्राम परसाभदेर के युवा टिकेश्वर यादव ने दिल्ली स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (IIMC) में पढ़ाई के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया और उन्हें 2 लाख 32 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्राप्त हुई।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने टिकेश्वर की मेहनत और योजना के प्रति उनकी जागरूकता की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
कलेक्टर श्री शर्मा ने युवाओं से अपील की कि वे शासन की छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें, अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन करें और उच्च शिक्षा के अवसरों का लाभ उठाकर आगे बढ़ें।एक छोटे से गांव से निकलकर दिल्ली में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद वर्तमान में उत्तर प्रदेश में नौकरी कर रहे टिकेश्वर ने पूरे अंचल के युवाओं के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
योजना के प्रमुख लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया-योजना के अंतर्गत पात्र विद्यार्थियों की ट्यूशन फीस एवं अन्य निर्धारित शुल्क, रहने-खाने के लिए 3,000 रुपये प्रतिमाह, किताबों एवं स्टेशनरी के लिए 5,000 रुपये प्रतिवर्ष तथा लैपटॉप के लिए 45,000 रुपये की एकमुश्त सहायता का प्रावधान है।इसके लिए विद्यार्थी का ओबीसी, ईबीसी या डीएनटी वर्ग से होना, परिवार की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से अधिक न होना तथा अधिसूचित प्रतिष्ठित संस्थान में निर्धारित प्रक्रिया से पूर्णकालिक पाठ्यक्रम में प्रवेश लेना आवश्यक है। पात्र विद्यार्थी नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।