दुर्गम क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के प्रयासों की केंद्रीय समीक्षा मिशन ने की सराहना
सुकमा, 22 नवम्बर 2026/sns/- जिले की भौगोलिक एवं दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद आमजन तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों का जायजा लेने केंद्रीय समीक्षा मिशन (CRM) की टीम ने सुकमा का भ्रमण किया। इस दौरान रविवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री अमित कुमार की उपस्थिति में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भुवन विजय कुर्रे सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
भ्रमण के दौरान टीम ने जिला अस्पताल सहित जिले की स्वास्थ्य अधोसंरचना, चिकित्सा सुविधाओं, मानव संसाधन एवं विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, नियमित टीकाकरण, मलेरिया नियंत्रण, टीबी एवं कुष्ठ रोग उन्मूलन, गैर-संचारी रोगों की जांच, मानसिक स्वास्थ्य तथा स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। विशेष रूप से दूरस्थ एवं अंदरूनी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी टीम के समक्ष प्रस्तुत की गई।
बैठक में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड निर्माण, सड़क दुर्घटना पीड़ितों को कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने की पहल तथा स्वास्थ्य सेवाओं में सामुदायिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण प्रयासों को रेखांकित किया गया। CRM टीम ने गर्भवती महिलाओं का समयबद्ध पंजीयन, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की पहचान, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, टीबी की पहचान एवं उपचार तथा एनसीडी स्क्रीनिंग को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं की ऑनलाइन रिपोर्टिंग एवं आंकड़ों की गुणवत्ता में सुधार के लिए भी आवश्यक सुझाव दिए।
समीक्षा के दौरान जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता, एक्स-रे मशीनों का संचालन, नेटवर्क कनेक्टिविटी, एम्बुलेंस सेवाओं तथा दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने से जुड़ी चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। टीम ने टीबी संपर्क अनुवर्तन, टीबी प्रिवेंटिव ट्रीटमेंट, लाभार्थीवार टीकाकरण सूची तैयार करने तथा HMIS में CRPFएवं फील्ड अस्पतालों के आंकड़ों को शामिल करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया। इन सुझावों का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी, उपलब्धता एवं प्रभावशीलता को और बेहतर बनाना है।
केंद्रीय समीक्षा मिशन के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि भ्रमण का उद्देश्य जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था का वास्तविक आकलन कर अच्छे प्रयासों को प्रोत्साहित करना तथा सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए मार्गदर्शन देना है। CRM टीम में डॉ. रघुराम राव, डॉ. निधि तिवारी, डॉ. सुभाष यादव, डॉ. देवजीत बोरा, आनंद साहू एवं उर्व्या नाग सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल रहे। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जिले में संचालित योजनाओं, उपलब्धियों, नवाचारों एवं चुनौतियों की जानकारी साझा की।