वजन त्यौहार के सफल आयोजन को लेकर कलेक्टर ने ली जिला स्तरीय बैठक, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

जांजगीर-चांपा, 23 नवंबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने जिले में 01 दिसंबर से 14 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले वजन त्यौहार की तैयारियों एवं सफल क्रियान्वयन को लेकर आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को वजन त्यौहार के सफल आयोजन में आपसी समन्वय के साथ सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने पूरक पोषण आहार योजना के अंतर्गत प्रदाय की जाने वाली रेडी टू ईट खाद्य सामग्री के उपयोग को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने कहा। उन्होंने गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा 06 माह से 03 वर्ष तक के बच्चों के लिए प्रदायित रेडी टू ईट सामग्री का उपयोग स्वयं पूरक पोषण आहार के रूप में करने के लिए हितग्राहियों को प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही परियोजना अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया कि हितग्राहियों को रेडी टू ईट सामग्री शत-प्रतिशत प्राप्त हो साथ ही इसका उपयोग हो।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्रीमती अनिता अग्रवाल ने बताया कि वजन त्यौहार के दौरान जिले में 0 से 6 वर्ष तक के सभी बच्चों का वजन किया जाएगा। इसके लिए विकासखंड स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के मार्गदर्शन में परियोजना अधिकारियों द्वारा माइक्रो प्लान तैयार किया जा रहा है। प्रतिदिन 3 से 5 आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों का वजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वजन त्यौहार के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा किशोरी बालिकाओं का हीमोग्लोबिन परीक्षण (एनीमिया जांच) भी किया जाएगा। वजन त्यौहार के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा दीवार लेखन भी किया जाएगा।
कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को निर्देशित किया कि अपने-अपने अनुभाग में शामिल परियोजनाओं को जोन एवं क्लस्टर में विभाजित कर जोनल अधिकारियों की नियुक्ति करें तथा क्लस्टरवार तिथि निर्धारित करते हुए वजन त्यौहार की सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण कराएं। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप कार्य करते हुए वजन त्यौहार का सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर श्री बीरेन्द्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री आर.के. तम्बोली, अपर कलेक्टर श्री प्रमोद गुप्ता, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अनिता अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

About The Author