राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम में जिले की उल्लेखनीय उपलब्धि

मुंगेली, 26 नवंबर 2026/sns/- राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति और एचआईवी/एड्स के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के लक्ष्यों को प्राप्त करने पर जिले को 28 नवंबर 2026 को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल जिले को यह सम्मान प्रदान करेंगे। इस समारोह में छत्तीसगढ़ के अन्य आठ जिले भी सम्मानित होंगे।
कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के मार्गदर्शन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीकेश गुप्ता, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री गिरीश कुर्रे तथा जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ. सुदेश कुमार रात्रे के नेतृत्व में जिले में व्यापक स्तर पर एचआईवी-एड्स जागरूकता अभियान चलाया गया। लोरमी, पथरिया, सरगांव एवं मुंगेली क्षेत्र में विशेष रूप से प्रचार-प्रसार गतिविधियां आयोजित कर लोगों को संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी गई। जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रशिक्षित लोक कला दलों के माध्यम से नाटक, गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों द्वारा आम नागरिकों तक संदेश पहुंचाया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य शिविर, ग्रामसभा बैठकें, शहरी वार्डों में जागरूकता बैठकें, घर-घर संपर्क, मुनादी, स्कूल-कॉलेजों में कार्यशालाएं, विभिन्न प्रतियोगिताएं और रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। निःशुल्क एचआईवी एवं सिफलिस जांच, बारकोड स्कैनिंग तथा पोस्टर-पाम्पलेट वितरण जैसी गतिविधियों के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान नागरिकों को बताया गया कि एचआईवी संक्रमण मुख्य रूप से चार माध्यमों से फैल सकता है। इनमें संक्रमित व्यक्ति के साथ असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित सुई या सिरिंज का उपयोग, संक्रमित रक्त चढ़ाना तथा एचआईवी संक्रमित गर्भवती माता से बच्चे में संक्रमण शामिल हैं। इसके साथ ही समाज में प्रचलित भ्रांतियों को दूर करते हुए बताया गया कि संक्रमित व्यक्ति के साथ रहने, खाना खाने, सोने, एक ही शौचालय का उपयोग करने अथवा मच्छर के काटने से एचआईवी संक्रमण नहीं फैलता। अभियान में एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के साथ भेदभाव रोकने और एचआईवी-एड्स अधिनियम 2017 के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। जिले में एचआईवी जांच एवं परामर्श के लिए चार केंद्र संचालित हैं। इनमें जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोरमी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरिया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरगांव शामिल हैं। जिला चिकित्सालय में डीएसआरसी क्लीनिक तथा निःशुल्क एआरटी दवा उपलब्ध कराने के लिए लिंक एआरटी सेंटर भी संचालित है। इसके माध्यम से विभिन्न जिलों के लगभग 250 एचआईवी संक्रमित व्यक्ति नियमित रूप से दवाइयों का लाभ ले रहे हैं।
गौरतलब है कि भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा देशभर में राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य एचआईवी संक्रमण की रोकथाम, समय पर जांच, उपचार की उपलब्धता और संक्रमित व्यक्तियों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार करना है। इसके लिए निर्धारित 95-95-99 लक्ष्यों के तहत जिले ने पहला लक्ष्य 95 प्रतिशत, दूसरा लक्ष्य 91 प्रतिशत तथा तीसरा लक्ष्य 95 प्रतिशत हासिल किया है। यह उपलब्धि जिले में संचालित जागरूकता, जांच एवं उपचार संबंधी गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाती है।

About The Author