कलेक्टर ने ली जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता से पूरा करें  

    जांजगीर-चांपा, 26 नवंबर 2026/sns/- जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुरक्षा इंतजामों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को इन स्थानों पर आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर, कैट आई और रम्बल स्ट्रिप लगाने कहा। रात के समय वाहन चालकों को सड़क स्पष्ट दिखाई दे, इसके लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने कहा।
 बैठक में राहवीर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष चर्चा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को योजना की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाकर मदद करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित किया जा सके। कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख सड़कों पर आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण को चिन्हित कर हटाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों पर आवारा मवेशियों तथा सड़क सुरक्षा उपायों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उदयन बेहार, अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी, जिला परिवहन अधिकारी श्री विवेक सिन्हा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author