राष्ट्रीय आविष्कार अभियान: विद्यार्थियों ने शक्कर निर्माण प्रक्रिया और ऐतिहासिक विरासत को करीब से जाना
मुंगेली, 27 नवंबर 2026/sns/- विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता और जिज्ञासा विकसित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत जिले के 200 छात्र-छात्राओं के लिए एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण में प्रारंभिक स्तर के 100 तथा माध्यमिक स्तर के 100 विद्यार्थी शामिल हुए। भ्रमण दल को जिला शिक्षा अधिकारी श्री एम. एल. पटेल और जिला मिशन समन्वयक श्री अशोक सोनी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय आविष्कार अभियान का उद्देश्य बच्चों को कक्षा की चारदीवारी से बाहर निकालकर वास्तविक परिस्थितियों और प्रत्यक्ष अनुभवों के माध्यम से सीखने के अवसर प्रदान करना है। ऐसे भ्रमण से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अवलोकन क्षमता और नई चीजों को जानने-समझने की जिज्ञासा विकसित होती है।
शैक्षणिक भ्रमण के प्रथम चरण में विद्यार्थियों ने भोरमदेव शक्कर कारखाने का अवलोकन किया। यहां छात्र-छात्राओं ने गन्ने से शक्कर तैयार करने की औद्योगिक एवं वैज्ञानिक प्रक्रिया को नजदीक से देखा और समझा। उन्हें मशीनों की कार्यप्रणाली, उत्पादन के विभिन्न चरणों तथा कारखाने में उपयोग होने वाली तकनीक की व्यावहारिक जानकारी दी गई। पुस्तकों में पढ़ी गई वैज्ञानिक अवधारणाओं को वास्तविक रूप में देखकर विद्यार्थियों में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रति विशेष रुचि दिखाई दी। भ्रमण के अगले चरण में विद्यार्थी प्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थल भोरमदेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने प्राचीन मंदिर की विशिष्ट स्थापत्य शैली, उत्कृष्ट शिल्पकला और ऐतिहासिक महत्व का अवलोकन किया। साथ ही मैकल पर्वत श्रृंखला के प्राकृतिक परिवेश एवं जैव-विविधता को भी करीब से जाना। भ्रमण के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मंदिर की ऐतिहासिक एवं ज्यामितीय विशेषताओं तथा प्राकृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी।
पूरे भ्रमण के दौरान औद्योगिक और ऐतिहासिक स्थलों के इस ज्ञानवर्धक भ्रमण को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह रहा। इस आयोजन के सफल संचालन में जिला नोडल अधिकारी श्री प्रदीप उपाध्याय, तीनों विकासखंड स्रोत समन्वयकों एवं एस्कॉर्ट शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उनमें सीखने की जिज्ञासा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और अपने आसपास की दुनिया को समझने की क्षमता विकसित हो सके।