एफएफएस ऐप से उर्वरक खरीदी का व्यवहारिक प्रशिक्षण

मुंगेली, 27 नवंबर 2026/sns/- रबी सीजन 2026-27 में किसानों को उर्वरक की सुगम, पारदर्शी एवं व्यवस्थित उपलब्धता सुनिश्चित करने और उन्हें डिजिटल कृषि सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा गांव-गांव किसान चौपाल आयोजित की जा रही है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत भालापुर में किसान चौपाल का आयोजन कर किसानों के साथ-साथ स्कूली छात्र-छात्राओं को भी एफएफएस ऐप के माध्यम से उर्वरक क्रय करने की प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत विशेष शिविर लगाकर किसानों की समस्याओं के निराकरण एवं आवश्यक सुधार की कार्रवाई भी की गई।
किसान चौपाल में जिला उर्वरक निरीक्षक एवं जिला मास्टर ट्रेनर श्री मनहरण कुर्रे ने एफएफएस ऐप के उपयोग और इसकी पूरी प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसान इस ऐप के माध्यम से अपनी भूमि का रकबा एवं बोई गई फसल का विवरण दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद आवश्यकतानुसार उर्वरक की मात्रा का चयन कर विक्रेता चुनते हुए टोकन एवं क्यूआर कोड जनरेट कर सकते हैं। इससे उर्वरक क्रय की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनेगी तथा किसानों को अपनी आवश्यकता के अनुरूप उर्वरक प्राप्त करने में सुविधा होगी। प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी एवं व्यावहारिक बनाने के लिए ग्राम पंचायत भालापुर के सरपंच श्री विवेकानंद साहू का एफएफएस ऐप के माध्यम से उर्वरक क्रय हेतु टोकन जनरेट किया गया। जिला मास्टर ट्रेनर श्री कुर्रे ने सरपंच को स्वयं टोकन जारी करने की पूरी प्रक्रिया समझाई और मौके पर लाइव प्रदर्शन किया। इस प्रत्यक्ष अभ्यास से उपस्थित किसानों एवं विद्यार्थियों को मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन और क्यूआर कोड प्राप्त करने की प्रक्रिया को करीब से समझने का अवसर मिला।
किसान चौपाल की विशेष पहल के तहत विद्यार्थियों को भी एफएफएस ऐप का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। अधिकांश विद्यार्थी किसान परिवारों से जुड़े हैं और उनके माता-पिता खेती-किसानी करते हैं। ऐसे में विद्यार्थी घर जाकर अपने माता-पिता एवं परिवार के अन्य सदस्यों को ऐप के उपयोग की जानकारी दे सकेंगे। साथ ही गांव के अन्य किसानों को भी डिजिटल माध्यम से उर्वरक क्रय करने के लिए प्रेरित कर सकेंगे। इस पहल से विद्यार्थियों को तकनीक आधारित कृषि व्यवस्था की जानकारी मिलने के साथ ही डिजिटल जागरूकता को गांव-गांव तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत विशेष शिविर भी लगाया गया। शिविर में किसानों से उनकी समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों की जानकारी लेकर आवश्यक अभिलेखों और विवरणों में सुधार की कार्रवाई की गई। साथ ही किसानों को योजना का लाभ सुचारू रूप से प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उप संचालक कृषि श्रीमती वीणा ठाकुर, सहायक संचालक कृषि श्रीमती ललिता मरावी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री के.पी. घिंडोरे, कृषि विकास अधिकारी श्री राजेश साहू, सुश्री विक्टोरिया नर्सिंग, श्री दुर्गेश पटेल, श्री प्रफुल्ल जायसवाल, श्री उमेंद्र टोंडे, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्रीमती उमा टोंडे, ग्राम पंचायत भालापुर के सरपंच श्री विवेकानंद साहू सहित बड़ी संख्या में कृषक एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कृषि विभाग ने जिले के किसानों रबी वर्ष 2026-27 में उर्वरक क्रय करने के लिए एफएफएस ऐप के माध्यम से अग्रिम रूप से अपना टोकन एवं क्यूआर कोड प्राप्त करने समझाइश दी है। कृषि केंद्र अथवा सहकारी समिति में उर्वरक लेने जाने से पहले मोबाइल ऐप या नजदीकी च्वाइस सेंटर के माध्यम से टोकन अवश्य बनवा लें। जिन किसानों ने अभी तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है, वे शीघ्र अपना पंजीयन पूर्ण कराएं, ताकि उर्वरक क्रय एवं शासन की अन्य कृषि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में असुविधा न हो। किसी भी प्रकार की समस्या या तकनीकी जानकारी के लिए किसान अपने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

About The Author