धान खरीदी में तेजी लाने सख्त निर्देश अवैध विक्रय पर होगी कड़ी कार्रवाई

बीजापुर, 14 जनवरी 2026/sns/-मुख्य सचिव, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आज राज्य के सभी जिलों के कलेक्टरों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग लेकर धान उपार्जन व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों से धान का उठाव त्वरित गति से कराया जाए, ताकि अंतिम दिवस में किसी भी केंद्र पर जाम की स्थिति निर्मित न हो।
मुख्य सचिव ने निर्देशित किया कि राज्य में धान की खरीदी 30 जनवरी तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर ली जाए तथा 31 जनवरी तक समस्त उपार्जित धान का काटा कराकर शाम 7 बजे तक समिति मॉड्यूल में इंट्री सुनिश्चित की जाए। इसके लिए उपार्जन केंद्रों में अतिरिक्त काटा एवं अतिरिक्त हमालों की समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे किसान जिन्होंने धान विक्रय हेतु 2 या 3 टोकन प्राप्त किए हैं लेकिन अभी तक विक्रय नहीं किया है, उनके धान का भौतिक सत्यापन कर नियमानुसार उपार्जन कराया जाए, ताकि वास्तविक किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्य सचिव ने पीवी (PV) एप के माध्यम से मिलों एवं उपार्जन केंद्रों का नियमित सत्यापन करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही, अवैध धान विक्रय के मामलों में शून्य सहनशीलता अपनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध धान विक्रय में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी मामले में समिति प्रबंधक या ऑपरेटर की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके विरुद्ध भी कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्य सचिव ने सभी कलेक्टरों को निर्देशित किया कि वे स्वयं सतत निगरानी रखते हुए शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें, ताकि धान उपार्जन कार्य पारदर्शी, सुचारु एवं समयबद्ध रूप से संपन्न हो सके।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *