ई-चालान में ओटीसी सुविधा लागू, अब बैंक काउंटर पर भी आसानी से जमा होंगे चालान
सुकमा, 17 मार्च 2026/sns/-राज्य शासन द्वारा नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ई-चालान मॉड्यूल में ओवर द काउंटर (ओटीसी) सुविधा लागू कर दी गई है। इसके तहत अब सभी बैंकों में चालान जमा करने की प्रक्रिया को और सरल बनाया गया है।
नई व्यवस्था के अनुसार, नागरिक पहले ई-चालान पोर्टल पर चालान से संबंधित आवश्यक जानकारी जैसे नाम, पता एवं मुख्यशीर्ष ऑनलाइन दर्ज करेंगे। इसके बाद यह डेटा सीधे बैंक को ऑनलाइन ट्रांसफर हो जाएगा। नागरिक उक्त चालान का प्रिंट निकालकर नजदीकी बैंक काउंटर में प्रस्तुत करेंगे, जहां बैंक द्वारा ट्रेजरी रिफरेंस नंबर (टीआरएन) दर्ज कर चालान की राशि स्वीकार की जाएगी।
नागरिकों की सुविधा के लिए जिला कोषालय सुकमा एवं उपकोषालय कोण्टा में अलग से काउंटर की व्यवस्था की गई है, जिससे प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही भारतीय स्टेट बैंक की सुकमा एवं कोण्टा शाखाओं में भी चालान जमा करने हेतु पृथक काउंटर उपलब्ध कराए गए हैं।