स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास कार्यों की समीक्षा, कलेक्टर श्री अमित कुमार ने दिए सख्त निर्देश

सुकमा, 07 अप्रैल 2026/sns/-कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में मंगलवार को समय सीमा की बैठक आयोजित कर, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं विभागीय कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गायनाकोलॉजिस्ट एवं सर्जन के रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित कर आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएं।
इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री मुकुन्द ठाकुर, एसडीएम सहित विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री कुमार ने जिले में 14 अप्रैल से 13 मई तक लगभग एक माह की अवधि में जिलेभर में लगभग 1300 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से प्रत्येक नागरिक की शत-प्रतिशत स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को शिविरों के सफल संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने, व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु मुनादी कराने तथा मौसम के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक हितग्राही का ई-केवाईसी पूर्ण कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में आधार कार्ड एवं अपार आईडी की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इसके अलावा जिले में साइंस पार्क, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स  के निर्माण की दिशा में कार्य प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए गए।
जगरगुंडा में कन्या आश्रम, बालक आश्रम, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं पंचायत कैफे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएम आवास) के तहत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री कुमार ने छत्तीसगढ़ मिशन कर्मयोगी एवं कर्मयोगी भारत कार्यशाला के अंतर्गत सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों का ऑनबोर्डिंग 30 अप्रैल तक पूर्ण कराएं। उन्होंने ईएचआरएमएस एवं आई-गॉट प्लेटफॉर्म पर शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मिशन कर्मयोगी के तहत कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में कार्यशाला का आयोजन किया गया।
बैठक में फील्ड विजिट के दौरान दिए गए निर्देशों की भी समीक्षा की गई ।
जल जीवन मिशन के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों, आश्रमों एवं छात्रावास भवनों में आवश्यकतानुसार हैंडपंप चिन्हांकन कर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
नगर पालिका परिषद सुकमा में विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।

About The Author