सोमनाथ स्वाभिमान पर्व अटूट आस्था के 1000 वर्ष
अम्बिकापुर 09 मई 2026/sns/- छत्तीसगढ़ शासन संस्कृति विभाग के निर्देशानुसार सोमनाथ स्वाभिमान पर्व ’अटूट आस्था के 1000 वर्ष’ 11 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2027 की अवधि के लिए एक वर्षव्यापी राष्ट्रीय स्मरणोत्सव के रूप में गतिविधियों का आयोजन ग्राम पंचायत, ब्लॉक और तहसील स्तर से लेकर जिला और राज्य स्तर तक सभी शिवालयों (शिव मंदिरों) में भक्तिपूर्ण, सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया जा रहा है।
देवगढ़ शिव मंदिर में 11 मई को होगा भव्य आयोजन-
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं ज्ञानभारतम के नोडल अधिकारी श्री विनय कुमार अग्रवाल ने बताया कि 11 मई 2026 को सोमनाथ में विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में एक विशेष राष्ट्रीय शिखर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी कड़ी में सरगुजा जिले में भी सोमनाथ स्वाभिमान पर्व आयोजन का सीधा प्रसारण करने हेतु व्यापक रूप से तैयारी की जा रही है। कार्यकम 11 मई 2026 को सरगुजा जिले के तहसील उदयपुर में ग्राम देवगढ़ के प्राचीन शिवमंदिर में आयोजित है। कार्यक्रम के सीधा प्रसारण के साथ-साथ भक्तिपूर्ण सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रमों का आयोजन विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में भी सोमनाथ स्वाभिमान पर्व अटूट आस्था के 1000 वर्ष के अंतर्गत संवाद, सेमिनार, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा अन्य सहभागितापूर्ण गतिविधियां आयोजित किए जाएंगे।