18 जून से तीन दिवसीय पंजीयन शिविर विभिन्न योजनाओं का मिलेगा लाभ
बिलासपुर, 17 जून 2026/sns/- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 18 जून से 20 जून 2026 तक अनुविभाग स्तर पर वृहद पंजीयन शिविरों का आयोजन किया जाएगा। ये शिविर बिल्हा के नगर पंचायत सांस्कृतिक भवन, मस्तूरी के सामुदायिक भवन, तखतपुर के प्राथमिक शाला बुटेना तथा कोटा के नगर पंचायत सांस्कृतिक भवन में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पंजीयन, त्रुटि सुधार एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण की व्यवस्था की जाएगी।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देशानुसार आयोजित इन शिविरों में केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। शिविरों में आयुष्मान भारत, आयुष्मान वय वंदना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, पीएम कौशल विकास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं के लिए नवीन पंजीयन, पात्रता संबंधी मार्गदर्शन तथा हितग्राही सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिला प्रशासन द्वारा शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इनका लाभ उठा सकें। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने नजदीकी शिविर स्थल पर पहुंचकर शासन की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रता अनुसार पंजीयन कराकर योजनाओं का लाभ लें। इन शिविरों के माध्यम से जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और योजनाओं की पहुंच को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।