विष्णु भइया के सहयोग से दुर्गा बनीं लखपति दीदी

कवर्धा, 25 अगस्त 2026/sns/- कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड की ग्राम पंचायत पोंडी निवासी श्रीमती दुर्गा नट ने मेहनत, आत्मविश्वास और शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी जिंदगी की दिशा बदल दी है। कभी केवल सुअर पालन तक सीमित उनकी आजीविका आज मुर्गी, बकरी, सुअर और मछली पालन तक विस्तार ले चुकी है। इन गतिविधियों से वे प्रतिवर्ष लगभग 2.50 लाख रुपए तक की आय अर्जित कर रही हैं और लखपति दीदी के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं।
श्रीमती दुर्गा बताती हैं कि पहले आजीविका के साधन सीमित होने के कारण आमदनी भी कम थी। बिहान से जुड़ने और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मिलने के बाद उन्हें अपनी आजीविका बढ़ाने का अवसर मिला। पशुधन विभाग से उन्हें 3 सुअर और मुर्गी पालन के लिए 45 चूजे मिले। वहीं मत्स्य विभाग से आइस बॉक्स सहित मछली पालन से संबंधित सहायता प्राप्त हुई। इन संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए उन्होंने आय के कई साधन विकसित किए और धीरे-धीरे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होती गई।
आज पशुपालन और मछली पालन उनके लिए केवल कमाई का जरिया नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और सम्मान की नई पहचान बन चुका है। अपनी मेहनत से अर्जित आय से वे परिवार की जरूरतों को पूरा करने के साथ बच्चों की पढ़ाई में भी सहयोग कर रही हैं।
श्रीमती दुर्गा कहती हैं, “मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय भइया महिलाओं के लिए बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। मुझे महतारी वंदन योजना का भी लाभ मिल रहा है। विष्णु भइया के सहयोग और शासन की योजनाओं से आज मैं लखपति दीदी बन गई हूं। अब समाज और रिश्तेदारों में मेरा मान-सम्मान बढ़ा है। मेरी जिंदगी में जो बदलाव आया है, उसका श्रेय मैं अपने विष्णु भइया को देती हूं।
दुर्गा नट की मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से ‘दीदी के गोठ’ कार्यक्रम की वर्षगांठ के अवसर पर बातचीत भी हुई थी। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को अपनी आजीविका और जीवन में आए बदलाव की जानकारी साझा की। उनके लिए यह अनुभव अपनी मेहनत और सफलता को प्रदेश के नेतृत्व के साथ साझा करने का आत्मविश्वास बढ़ाने वाला अवसर रहा। वह कहती हैं कि विष्णु भइया की महिलाओं के प्रति सोच और शासन की योजनाएं प्रदेश की लाखों महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनने का अवसर दे रही हैं।

About The Author