सभी ग्राम पंचायतों में मनाया गया रोजगार दिवस एवं आवास दिवस

अम्बिकापुर, 07 सितम्बर 2026/sns/-   कलेक्टर श्री अजीत वसंत के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में जिले की सभी 439 ग्राम पंचायतों में विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत रोजगार दिवस तथा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत आवास दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों, श्रमिकों एवं आवास हितग्राहियों से सीधे संवाद कर योजनाओं की जानकारी दी गई और उनके क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं के निराकरण की पहल की गई।

रोजगार दिवस में श्रमिकों को दी गई अधिकारों एवं रोजगार से जुड़ी जानकारी
रोजगार दिवस के दौरान विकसित भारत जी राम जी योजना के प्रावधानों के संबंध में ग्रामीणों और श्रमिकों को विस्तार से जानकारी दी गई। ग्राम पंचायत स्तर पर जॉब कार्ड, 125 दिवस रोजगार की गारंटी, कार्य की मांग, संचालित एवं प्रस्तावित कार्यों तथा मजदूरी भुगतान से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।

श्रमिकों को बताया गया कि कार्य की मांग दर्ज कराने के साथ ही रोजगार से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी रखना जरूरी है। इस दौरान 15 दिवस में मजदूरी भुगतान के प्रावधान के संबंध में भी जानकारी दी गई। ग्रामीणों एवं श्रमिकों ने जॉब कार्ड, रोजगार की मांग, मजदूरी भुगतान और ग्राम पंचायत में संचालित कार्यों से संबंधित अपनी समस्याएं रखीं, जिनका यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया गया। संबंधित अमले को लंबित प्रकरणों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

आवास दिवस में अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों के हितग्राहियों से संवाद
इसी क्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत आयोजित आवास दिवस में अपूर्ण एवं अप्रारंभ आवासों के हितग्राहियों से सीधे संवाद किया गया। हितग्राहियों से आवास निर्माण की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्माण में आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा की गई।

हितग्राहियों को आवास निर्माण में आने वाली बाधाओं के समाधान के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही उन्हें निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण करते हुए आवासों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया गया। ग्राम पंचायत स्तर के अमले को हितग्राहियों के सतत संपर्क में रहकर निर्माण कार्य की प्रगति पर नजर रखने और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।

ग्राम पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों और मैदानी अमले की रही सक्रिय भागीदारी
रोजगार दिवस एवं आवास दिवस के आयोजन में ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, आवास मित्र तथा बिहान समूह की दीदियों ने सक्रिय सहभागिता की। ग्रामीणों को योजनाओं से संबंधित जानकारी देने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया।

जिले की सभी 439 ग्राम पंचायतों में आयोजित रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का उद्देश्य ग्रामीणों को रोजगार एवं आवास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी उनके गांव में ही उपलब्ध कराने के साथ समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है।

About The Author