जिले के 04 स्वास्थ्य केन्द्रों ने हासिल किया राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन

मुंगेली, 08 सितंबर 2026/sns/- जिले में शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक कार्यक्रम अंतर्गत वर्ष 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित जिले के 04 स्वास्थ्य केन्द्रों को कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्रों के अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए इसी समर्पण और टीम भावना के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार करने प्रोत्साहित किया।
कलेक्टर श्री तोपनो ने कहा कि शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, बेहतर एवं समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने जिले के शेष स्वास्थ्य केन्द्रों को भी राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के राष्ट्रीय स्तर के प्रमाणीकरण के लिए आवश्यक तैयारियां एवं प्रयास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री तोपनो ने प्रमाणित स्वास्थ्य केन्द्रों की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के तहत स्वास्थ्य संस्थाओं में उपलब्ध सुविधाओं एवं सेवाओं की गुणवत्ता का महत्वपूर्ण मानक है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों से मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने कहा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के तहत प्रमाणित स्वास्थ्य केन्द्रों में आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चंदली, विकासखंड लोरमी ने 89.91 प्रतिशत, आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केन्द्र मुछेल, विकासखंड लोरमी ने 84.31 प्रतिशत, आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केन्द्र गीधा, विकासखंड मुंगेली ने 88.01 प्रतिशत तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केन्द्र कुकुसदा, विकासखंड पथरिया ने सर्वाधिक 92.96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाणन हासिल किया। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक कार्यक्रम का उद्देश्य शासकीय स्वास्थ्य केन्द्रों में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना है। इसके अंतर्गत स्वास्थ्य संस्थानों की अधोसंरचना, स्वच्छता एवं साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, अभिलेख एवं दस्तावेजों का संधारण, मरीजों को दी जाने वाली सेवाएं तथा कर्मचारियों के व्यवहार सहित विभिन्न पहलुओं का मूल्यांकन किया जाता है।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. गिरीश कुर्रे ने बताया कि वर्तमान में जिले के कुल 47 स्वास्थ्य केन्द्र राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के तहत राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित हो चुके हैं। इनमें 01 जिला अस्पताल, 01 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, 01 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, 10 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं 34 आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केन्द्र शामिल हैं। वहीं 02 आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केन्द्रों के परिणाम प्रतीक्षारत हैं। इस उपलब्धि पर डॉ. कमलेश कुमार, खंड चिकित्सा अधिकारी मुंगेली, डॉ. जी.एस. दाऊ, खंड चिकित्सा अधिकारी लोरमी, डॉ. अमित लाल, खंड चिकित्सा अधिकारी पथरिया, डॉ. अखिलेश कुमार बंजारे, जिला नोडल अधिकारी राष्ट्रीय गुणवत्ता कार्यक्रम सहित संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों के कर्मचारियों को बधाई दी गई।

About The Author