साक्षरता से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम
सुकमा, 08 सितम्बर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मुकुन्द्र ठाकुर के मार्गदर्शन में मंगलवार को जिलेभर के शैक्षणिक संस्थानों में उल्लास रैली एवं विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के साथ अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। जिला स्तरीय आयोजन के अंतर्गत उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम एवं मॉडल लिटरेसी सेंटर के तहत पुनर्वास केंद्र सुकमा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नव साक्षरों को प्रोत्साहित करने के साथ साक्षरता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण को गति देना रहा।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री जीआर मंडावी, जिला मिशन समन्वयक श्री विजेंद्र राठौर, डीएसपी श्री सौरभ उइके एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री मनोज दुबे सहित शिक्षा एवं साक्षरता से जुड़े अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर पुनर्वास केंद्र में संचालित साक्षरता गतिविधियों की जानकारी साझा की गई। नव साक्षरों ने अपने अनुभव सुनाते हुए बताया कि पढ़ना-लिखना सीखने से उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है और दैनिक जीवन के कार्यों को अधिक सहजता से करने में मदद मिली है।
समारोह में साक्षरता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नव साक्षरों को प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले नव साक्षरों के चेहरों पर उत्साह और प्रसन्नता साफ झलकी। अतिथियों ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए नियमित अध्ययन जारी रखने तथा परिवार और समाज के अन्य निरक्षर लोगों को भी शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि साक्षरता केवल अक्षर ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि यह व्यक्ति को जागरूक, आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने साक्षरता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक निरक्षर व्यक्तियों को उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम से जोड़ने का संकल्प लिया। उल्लास रैली और जागरूकता गतिविधियों से जिले में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ। उत्साह, सहभागिता और संकल्प से भरे वातावरण में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस का यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।