कलेक्टर श्री अमित कुमार का कड़ा रुख जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, फील्ड में उतरकर काम करें अधिकारी
सुकमा, 08 सितम्बर 2026/sns/- जिले में पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन देने की दिशा में कलेक्टर श्री अमित कुमार ने एक बार फिर सख्त प्रशासनिक इच्छाशक्ति का परिचय दिया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित उच्चस्तरीय समय-सीमा (टीएल) बैठक में उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और आम जनता से जुड़ी समस्याओं की विभागवार गहन समीक्षा की। अधिकारियों को दो टूक लहजे में चेतावनी देते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े किसी भी कार्य में कोताही, ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता यह है कि सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ अंतिम पंक्ति के पात्र हितग्राही तक पारदर्शी रूप से पहुंचे।
जनसमस्याओं का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान सर्वाेपरि
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन 1076, जनदर्शन और पीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की स्थिति का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि जनशिकायतों का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि आवेदकों को वास्तविक और संतोषजनक राहत मिले। राजस्व मामलों, सुचारू राशन वितरण और आबकारी से जुड़े विषयों पर विशेष नजर रखने के लिए एसडीएम, खाद्य और आबकारी विभाग के अधिकारियों को कार्यालय छोड़कर लगातार फील्ड में रहने तथा सघन निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, जिले में चल रहे सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया गया।
छात्रावासों और आश्रमों की सुरक्षा व सुविधाओं पर विशेष नजर
जिले के दूरस्थ वनांचल में अध्ययनरत नौनिहालों की सुरक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह संवेदनशील है। कलेक्टर ने जिले के सभी छात्रावासों और आश्रमों का नियमित निरीक्षण अनिवार्य कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट आदेश दिए कि छात्र-छात्राओं को मिलने वाले भोजन की पौष्टिकता, शुद्ध पेयजल, परिसर की स्वच्छता और सुरक्षा प्रबंधों में कोई समझौता नहीं होगा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे औचक निरीक्षण करें और व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक व सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।
घर-घर पहुंचेंगी बुनियादी सेवाएं, पोषण और पर्यावरण पर खास जोर
प्रशासनिक पहुंच को हर नागरिक के द्वार तक ले जाने के उद्देश्य से कलेक्टर ने सभी पात्र हितग्राहियों के आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड और वोटर कार्ड घर-घर जाकर बनाने के निर्देश दिए हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग की महतारी वंदन योजना तथा पीएम मातृ वंदन योजना की समीक्षा करते हुए शिशुवती महिलाओं के पोषण आहार की प्रतिदिन डिजिटल ट्रैकिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा, किसानों को एग्रीस्टैक से जोड़ने और हरित आवरण बढ़ाने के लिए श्मियावाकी पद्धतिश् से सघन वृक्षारोपण की कार्ययोजना पर तेजी से अमल करने के निर्देश देकर प्रशासन ने आधुनिक तकनीक और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी अपनी स्पष्ट प्रतिबद्धता जताई है।
अधिकारियों की उपस्थिति
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुंद ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री शबाब खान, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुकमा श्री सूरज कश्यप सहित सभी तहसीलदार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।