कलेक्टर जनदर्शन में  सुनी गई आमजनों की समस्याएं

सारंगढ़, 08 सितंबर 2026/ sns/- आमजनों की समस्याओं, मांगों और शिकायतों को सीधे प्रशासन तक पहुंचाने तथा उनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को जिला कार्यालय में कलेक्टर जनदर्शन का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में मंगलवार को सारंगढ़ कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में जनदर्शन आयोजित किया गया, जहां जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार डिप्टी कलेक्टर वर्षा बंसल एवं ऋचा सिंह ने जनदर्शन में आमजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान आवेदकों से उनकी मांगों एवं शिकायतों की विस्तृत जानकारी ली गई और संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि दिलाने, तालाब में चेकडेम निर्माण कर लिफ्ट सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने तथा स्कूल जाने वाले मार्ग पर पक्की सड़क निर्माण कराने सहित विभिन्न मांगों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही की मृत्यु के बाद परिवार के सदस्य का नाम नामिनी के रूप में दर्ज करने एवं योजना से संबंधित अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए भी आवेदन प्रस्तुत किए गए।
इसके अतिरिक्त नवीन राशन कार्ड बनाने, राशन कार्ड निरस्त करने, वृद्धावस्था पेंशन दिलाने तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान करने से संबंधित आवेदन भी जनदर्शन में प्राप्त हुए। व्यक्तिगत समस्याओं को लेकर पहुंचे नागरिकों ने भी अधिकारियों के समक्ष अपनी बातें रखीं। संबंधित अधिकारियों द्वारा आवेदकों को आवश्यक जानकारी एवं प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
जनदर्शन के दौरान जिला एवं ब्लॉक स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरतापूर्वक परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर जनदर्शन आम नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक मंगलवार आयोजित होने वाले इस जनदर्शन में आमजन अपनी मांग, शिकायत और समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर उनका समय-सीमा में प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

About The Author