’हरित रायगढ़’ अभियान 10 सितंबर को जिले की शासकीय नर्सरियों में होगा
रायगढ़, 8 सितम्बर 2026/sns/- जिले को हरा-भरा और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से उद्यानिकी विभाग, रायगढ़ द्वारा ‘हरित रायगढ़’ पौध वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत 10 सितंबर गुरुवार को सुबह 10 बजे से जिले की सभी सात शासकीय नर्सरियों में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का निरूशुल्कध्विभागीय स्तर पर वितरण किया जाएगा। विभाग ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पौधे लेकर उनका रोपण करने और पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनने की अपील की है।
आम, अमरूद, नींबू और मुनगा सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे उपलब्ध
‘हरित रायगढ़’ अभियान के तहत नागरिकों को विभिन्न उपयोगी एवं फलदार प्रजातियों के पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें आम, अमरूद, नींबू, मुनगा और आंवला सहित अन्य प्रजातियों के पौधे शामिल हैं। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करना तथा जिले में हरित क्षेत्र का विस्तार करना है। पौधरोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण के लिए भी नागरिकों को जागरूक किया जाएगा।
जिले की सात शासकीय नर्सरियों में मिलेगा पौधों का वितरण
पौध वितरण कार्यक्रम जिले की सात शासकीय नर्सरियों में एक साथ आयोजित किया जाएगा। नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार नजदीकी नर्सरी में पहुंचकर पौधे प्राप्त कर सकते हैं। पौध वितरण के लिए निर्धारित स्थानों में शासकीय उद्यान रोपणी बोईरदादर रायगढ़, शासकीय उद्यान रोपणी बाघड़ोला पुसौर, शासकीय उद्यान रोपणी अंजोरीपाली खरसिया, शासकीय उद्यान रोपणी बसनपाली तमनार, शासकीय उद्यान रोपणी कुंजारा लैलूंगा, शासकीय उद्यान रोपणी धरमजयगढ़ तथा शासकीय उद्यान घरघोड़ा शामिल हैं।
सामूहिक प्रयास से बनेगा हरा-भरा रायगढ़
उद्यानिकी विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान से जुड़कर अपने घर, खेत, बाड़ी, विद्यालय, संस्थान एवं आसपास के उपयुक्त स्थानों पर पौधरोपण करें। एक पौधा लगाना केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, बेहतर वातावरण और हरियाली सुनिश्चित करने का प्रयास भी है। विभाग ने जिलेवासियों का आह्वान करते हुए कहा है कि ‘हर नागरिक लगाए एक पौधा’ के संकल्प के साथ सभी मिलकर रायगढ़ को हरित और सुंदर बनाने में योगदान दें।