शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना पर फोकस
सुकमा, 15 सितम्बर 2026/sns/- कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में जिले के सर्वांगीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कलेक्टर श्री अमित कुमार की अध्यक्षता एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुंद ठाकुर की उपस्थिति में आयोजित बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं और अभियानों की बिंदुवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरे किए जाएं, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के साथ आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड और टीबी मुक्त पंचायत अभियान के लक्ष्यों को तेजी से पूरा करने पर जोर दिया।
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि आम नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित हो और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अस्पताल में प्रसव के बाद बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र अस्पताल परिसर में ही तत्काल जारी करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। वहीं छात्रावासों में बच्चों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए आरओ पेयजल, प्रत्येक बच्चे के लिए अलग गिलास, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन, साफ-सुथरे शौचालय तथा मच्छरों से बचाव के लिए नेट और मच्छरदानी की अनिवार्य व्यवस्था के निर्देश दिए गए।
शिक्षा से वंचित बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए भी ठोस कार्ययोजना पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने शाला त्यागी एवं अप्रवेशी बच्चों की पहचान कर उन्हें ब्रिज कोर्स के माध्यम से पुनः शिक्षा की मुख्यधारा में लाने के निर्देश दिए। आगामी शिक्षा सत्र की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसके साथ ही जगरगुंडा एजुकेशन सिटी, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और विभिन्न ग्रामों में निर्माणाधीन सुशासन परिसरों के कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। साइंस पार्क में शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया, आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण तथा आधार संबंधी कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
अधोसंरचना और आवास निर्माण को लेकर कलेक्टर ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के साथ समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए और कार्यों की लगातार निगरानी की जाए। पीएम आवास निर्माण एवं जियो टैगिंग के कार्यों में तेजी लाने के साथ लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर भी बल दिया गया। बैठक में अधिकारियों को विभागीय योजनाओं की सतत समीक्षा करते हुए जमीनी स्तर पर उनके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिससे सुकमा में विकास कार्यों को नई गति मिले और शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।