सेवा सेतु ने आसान की राह, एक सप्ताह में मिला आय प्रमाण पत्र

अम्बिकापुर, 26 सितंबर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ शासन की सेवा सेतु योजना नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं सरल, सुविधाजनक और निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आय, निवास, जाति सहित अनेक प्रमाण पत्रों तथा राजस्व एवं अन्य विभागों से जुड़ी सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है।
इसका लाभ अंबिकापुर क्षेत्र के नागरिकों को भी मिल रहा है। भकुरा निवासी कृष्णा रजवाड़े, पिता अनुज रजवाड़े ने अपनी पुत्री काव्या रजवाड़े के लिए आय प्रमाण पत्र हेतु आवेदन किया। आवेदन करने के महज एक सप्ताह के भीतर आय प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया।इसी तरह अंबिकापुर विकासखंड के मणिपुर निवासी शिव कुमार तिर्की, पिता अमृत राम ने भी आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया, जिसे उन्हें एक सप्ताह में प्राप्त हो गया।

जरूरत के समय दस्तावेज, आसानी से उपलब्ध
आज बच्चों की पढ़ाई, छात्रवृत्ति, प्रवेश, शासकीय योजनाओं का लाभ लेने सहित विभिन्न कार्यों के लिए आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेजों की आवश्यकता पड़ती है। इसी तरह नागरिकों को भूमि संबंधी दस्तावेज, जन्म प्रमाण पत्र, विभिन्न राजस्व सेवाओं तथा अन्य शासकीय सेवाओं की भी जरूरत होती है। सेवा सेतु के माध्यम से ऐसी कई नागरिक सेवाओं तक पहुंच आसान बनाई गई है।
सेवा सेतु की यह पहल हितग्राहियों के लिए समय और श्रम की बचत के साथ सरकारी सेवाओं को अधिक सुगम बनाने का माध्यम बन रही है। कृष्णा रजवाड़े और शिव कुमार तिर्की को समय पर प्राप्त आय प्रमाण पत्र इस बात का उदाहरण है कि डिजिटल माध्यम से नागरिकों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को किस तरह सरल बनाया जा रहा है।

About The Author