केवीके सुकमा में 13 एकड़ में विकसित होगा फलोद्यान
सुकमा, 30 सितम्बर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन तथा मार्गदर्शन में कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), सुकमा में लगभग 13 एकड़ क्षेत्र में विविध फलदार पौधों के रोपण का कार्य प्रारंभ किया गया है। इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत आम, अमरूद, संतरा, नारियल, ड्रैगन फ्रूट, चीकू एवं एप्पल बेर सहित विभिन्न फलदार फसलों का रोपण किया जा रहा है। जिले की कृषि एवं जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप तैयार किया जा रहा यह फलोद्यान किसानों के लिए आधुनिक एवं लाभकारी फल उत्पादन की संभावनाओं को प्रदर्शित करेगा।
बुधवार को पौधरोपण की शुरुआत डिप्टी कलेक्टर श्री शबाब खान ने आम की उन्नत ‘मल्लिका’ किस्म का पौधा लगाकर की। इस अवसर पर जनपद सीईओ श्री सुमित ध्रुव एवं तहसीलदार श्री गिरीश निम्बलकर ने भी पौधरोपण किया। कार्यक्रम में उप संचालक उद्यानिकी श्री राव, उद्यान अधीक्षक श्री कमल गावड़े, कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख श्री राजेन्द्र प्रसाद कश्यप, कृषि अभियांत्रिकी वैज्ञानिक डॉ. परमानंद, कीट वैज्ञानिक डॉ. योगेश कुमार सिदार एवं उद्यानिकी वैज्ञानिक डॉ. गुंजेश्री गोंड सहित केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख श्री राजेन्द्र प्रसाद कश्यप ने बताया कि इस फलोद्यान का उद्देश्य जिले की परिस्थितियों के अनुरूप विभिन्न फलदार फसलों की उपयुक्तता का प्रदर्शन करना है। यहां किसानों को उन्नत किस्मों के चयन, पौधरोपण एवं फल उत्पादन तकनीक के साथ पोषण प्रबंधन, सिंचाई तथा कीट एवं रोग प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। इससे किसान नई तकनीकों को खेतों में अपनाने से पहले उनका प्रत्यक्ष प्रदर्शन देख सकेंगे।
केवीके सुकमा में विकसित किया जा रहा यह फलोद्यान प्रदर्शन, प्रशिक्षण और नवाचार का केंद्र बनेगा। इसके माध्यम से जिले के किसानों को पारंपरिक खेती के साथ फल उत्पादन को अपनाने के अवसर मिलेंगे, जिससे कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देने के साथ आय के वैकल्पिक स्रोत विकसित करने में मदद मिलेगी। जिले में विभिन्न फलदार फसलों का यह संगठित प्रदर्शन किसानों को नई संभावनाओं से जोड़ने और सुकमा में आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।