मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के तहत निर्माण कार्यों के लिए 23.40 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति
दुर्ग, 05 अक्टूबर 2026/sns/- जिला पंचायत दुर्ग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजनाश् वर्ष 2026-27 के अंतर्गत कुल 23.40 लाख रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों हेतु प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत विकासखंड दुर्ग की ग्राम पंचायत अंजोरा (ढ़ा) में 10.40 लाख रुपये की लागत से 4 सी.सी. रोड निर्माण कार्यों को मंजूरी दी गई है, जिसमें रामबगस देशमुख के घर से संतोष देशमुख के घर की ओर, चन्द्रकुमार साहू के घर से ईश्वरी नाई के घर की ओर तथा भगवती साहू के घर से गैंद लाल राऊत के घर की ओर (2 कार्य) मार्ग का निर्माण शामिल है। वहीं विकासखंड धमधा की ग्राम पंचायत चीचा में 13.00 लाख रुपये की कुल स्वीकृत लागत से लोधीपारा एवं यादव पारा में दो सामुदायिक भवनों (प्रत्येक 6.50 लाख रुपये) के निर्माण की स्वीकृति दी गई है।
इन सभी कार्यों की कार्यकारी एजेंसी संबंधित ग्राम पंचायतों को बनाया गया है। जिला पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बीके दुबे ने जनपद पंचायत दुर्ग एवं धमधा के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के तकनीकी मापदंडों के अनुरूप मानक प्राक्कलन डाउनलोड कर निर्माण कार्य सुनिश्चित कराएं।