सीईओ जिला पंचायत ने वीबी -जीरामज़ी अंतर्गत कार्यों का किया निरीक्षण

बलौदाबाजार, 13 अक्टूबर 2026/sns/-सीईओ जिला पंचायत सुश्री दिव्या अग्रवाल ने मंगलवार को जनपद पंचायत भाटापारा अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में
वीबी -जीरामज़ी योजना के तहत संचालित विकास एवं रोजगारमूलक कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं कार्यस्थल की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नया तालाब निर्माण कार्य, सिंचाई नाली निर्माण कार्य, पीडीएस भवन निर्माण कार्य का अवलोकन करते हुए सीईओ जिला पंचायत ने कार्य को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्वक एवं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण एवं ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों का सीधा लाभ ग्रामीणों को प्राप्त हो, इसके लिए कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो तथा श्रमिकों को नियमित रूप से रोजगार उपलब्ध कराया जाए। सिंचाई संबंधी अधोसंरचना को ग्रामीण क्षेत्रों की कृषि गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कार्य की गुणवत्ता एवं उपयोगिता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण करें, श्रमिकों की उपस्थिति एवं कार्य प्रगति की निगरानी करें तथा स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि शासन की महत्वपूर्ण वीबी-ज़ी राम जी योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में प्रत्येक जॉब कार्डधारी परिवार को 125 दिवस तक रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य की दिशा में प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाए।

About The Author